Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में जनवरी में निगम चुनाव की तैयारी:CM सैनी ने MLA-मंत्रियों को काम बांटे, 3 वजहों से फायदा मान रही भाजपा

हरियाणा में विधानसभा चुनाव में जीत के बाद BJP निकाय चुनाव की तैयारी में जुट गई है। BJP इसे लेकर मेगा प्लान तैयार कर रही है। शहरों में सरकार बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खुद कमर कस ली है। जीत सुनिश्चित करने के लिए CM सैनी ने पार्टी विधायकों के साथ मंत्रियों को भी टास्क दिया है।

CM ने कहा है कि वह दिसंबर से लेकर जनवरी तक अपने-अपने शहरी क्षेत्रों में सक्रिय होकर काम करें। शहरों में जल निकासी और साफ-सफाई के साथ सड़कों पर फोकस करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

एक दिन पहले पंचकूला में हुई संगठन की मीटिंग में निकाय चुनाव को लेकर सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को ग्राउंड वर्क पर काम शुरू करने को कहा गया है। ऐसे में चर्चा है कि नए साल की शुरुआत यानी जनवरी में निकाय चुनाव हो सकते हैं।

राज्य चुनाव आयुक्त (SEC) की ओर से मई 2024 में निकाय चुनाव को लेकर हरियाणा सरकार के सचिव को पत्र लिखे जाने के बावजूद सरकार के स्तर पर इस बारे में अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। चर्चा है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम को देखते हुए सरकार सूबे में जल्द ही निकाय चुनाव करवाने का मन बना रही है।

इसको देखते हुए राज्य चुनाव आयोग की ओर से ग्राउंड पर काम करना शुरू कर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि यदि जनवरी में निकाय चुनाव होंगे तो दिसंबर लास्ट में इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।

चूंकि, चुनाव पिछले एक साल से प्रस्तावित हैं, इसलिए शहरी वोटरों को लुभाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर अपने कार्यकाल में शहरी मतदाताओं को कई राहत दे चुके हैं। शहरी क्षेत्रों में करीब 1500 कॉलोनियों को नियमित कर चुके हैं।

पानी के बिलों व संपत्ति कर में भी राहत दे चुके हैं। ऐसे में पार्टी की पूरी कोशिश रहेगी कि इन रियायतों का निकाय चुनाव से पहले लाभ लिया जाए। इसके बाद अब CM नायब सैनी भी शहरों पर ही फोकस कर रहे हैं।

Exit mobile version