Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सुबह की अजान पर प्रज्ञा ठाकुर ने जताई आपत्ति, कहा- लोगों की नींद और साधुओं को ध्यान लगाने में होती है परेशानी

मध्य प्रदेश के भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने अजान को लेकर आपत्ति जताई है। प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार को कहा कि सुबह की अजान से लोगों की नींद में खलल पड़ता है। इसके अलावा साधु संतों के ध्यान पर भी असर होता है। बता दें कि इससे पहले भी प्रज्ञा ठाकुर अपने विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रह चुकी हैं।

दरअसल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर मंगलवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल के बैरसिया पहुंची थीं। इस दौरान प्रज्ञा ठाकुर ने बिना नाम लिए अजान पर बोलना शुरू किया। प्रज्ञा ने कहा बहुत जोर-जोर से आवाज़ें आती हैं। सुबह 5 बजकर कुछ मिनट से और वह आवाजें लगातार चलती रहती हैं। सबकी नींद हराम होती है। कुछ लोग पेशेंट होते हैं उनके भी बीपी बढ़ती है। किसी पेशेंट को रात भर नींद नहीं आती है। लेकिन जब वह सुबह निंद्रा में जाता है, तो यह आवाज उनको विघ्न पैदा करती है। सच बताऊं तो साधु-संत सन्यासी जो होते हैं, उनकी ध्यान साधना का समय भी 4 बजे ब्रह्म मुहूर्त से शुरू होता है। हमारी आरती का समय भी सुबह 4 बजे से प्रारंभ होता है। लेकिन किसी को कोई परवाह नहीं है, इस बात की कि जबरदस्ती के माइक हमारे कानों में घुसते हैं और जब हम माइक लगा लेते हैं तो विधर्मियों को पीड़ा होती है। कहते हैं कि हम किसी और इबादत का कोई शब्द नहीं सुन सकते। क्योंकि ये हमारे धर्म में हमारे इस्लाम में ठीक नहीं माना जाता और हमारे इस्लाम में ये जायज नहीं है।

आपको बता दें कि इससे पहले सिंगर सोनू निगम भी अज़ान पर बोलकर विवादों में आ चुके हैं। सोनू ने ट्विटर पर ‘अज़ान’ से नींद टूटने की बात कहते हुए धार्मिक स्‍थलों में लाउडस्‍पीकरों के प्रयोग को ‘गुंडागर्दी’ बताया था। साथ ही उन्होंनें लिखा था,’मैं मुस्लिम नहीं हूं और मुझे सुबह अज़ान के चलते उठना पड़ता है। भारत में यह जबरन धार्मिकता कब खत्‍म होगी? बता दूं कि जब मोहम्‍मद ने इस्‍लाम बनाया तब बिजली नहीं थी। एडिसन के बाद भी मुझे यह शोर क्‍यों सुनना पड़ता है?’ सोनू निगम के इस ट्वीट के बाद मुस्लिम समाज उनसे काफी खफा हो गया था। हालांकि कुछ लोगों ने बेबाकी से बात रखने के लिए सोनू को शाबासी भी दी थी। कुछ लोगों ने उनके ‘गुंडागर्दी’ शब्‍द के इस्‍तेमाल पर आपत्ति जताई। वहीं सोशल मीडिया पर इसको लेकर दो धड़ हो गए थे और वहां भी जंग शुरू हो गई थी।

Exit mobile version