Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मानसून रूठा तो बिजली संकट गहराया…गर्मी-उमस से बेहाल लोग… 4 दिन से ताबड़तोड़ कटों पर सड़कों पर गुस्सा

हरियाणा में मानसून कमजोर पड़ने के साथ गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इसी बीच प्रदेश में बिजली की डिमांड ने मानसून सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बिजली कटों से परेशान लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई दे रहा है।

विद्युत PRAVAH पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक, 17 जुलाई को हरियाणा में बिजली की अधिकतम मांग 14,429 मेगावॉट तक पहुंच गई। इससे एक दिन पहले 16 जुलाई को डिमांड 14,255 मेगावॉट थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में करीब 13,691 मेगावॉट बिजली की आपूर्ति हो रही है।

पिछले चार दिनों से कई इलाकों में लंबे और लगातार बिजली कट लग रहे हैं। हालात यह हैं कि लोगों को आधी रात में भी प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

भिवानी में आधी रात को रोड जाम

भिवानी के गांव सिरसा घोघड़ा में बिजली और पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार-शनिवार की रात रोहतक रोड पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

हिसार में आधी रात को पावर हाउस पहुंचे लोग

हिसार के गंगवा गांव में 4-5 लंबे बिजली कटों से परेशान लोग आधी रात को गंगवा सब स्टेशन पहुंच गए। लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि गंगवा बिजली मंत्री रणबीर गंगवा का गांव भी है।

नारनौल में पूरी रात बिजली गुल

नारनौल की कई कॉलोनियों में पूरी रात बिजली गायब रही। माली टीबा, पुरानी मंडी और सदर थाना के आसपास के इलाकों में लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।

फतेहाबाद में भी प्रदर्शन

फतेहाबाद के भूना और रतिया में बिजली की समस्या को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों के मुताबिक, शुक्रवार रात कई बार 4 से 5 बिजली कट लगे।

रोहतक में टोल प्लाजा कराया फ्री

रोहतक में एक दिन पहले आधी रात को बिजली कट लगने से परेशान लोगों ने मकड़ौली टोल प्लाजा पहुंचकर विरोध जताया। करीब 45 मिनट तक टोल फ्री कराया गया। बिजली बहाल होने के बाद ही लोगों का प्रदर्शन खत्म हुआ।

पावर एक्सचेंज से खरीदी 1,479 मेगावॉट बिजली

बिजली संकट से निपटने के लिए हरियाणा सरकार को बाहरी स्रोतों से बिजली खरीदनी पड़ी है। राज्य ने पावर एक्सचेंज से करीब 1,479 मेगावॉट अतिरिक्त बिजली खरीदी है।

20 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में अभी दो दिन और गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। 18 जुलाई तक मौसम आमतौर पर साफ रहने की संभावना है। हालांकि, 19 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है।

20 और 21 जुलाई को मानसून के फिर से सक्रिय होने की उम्मीद है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

16 जिलों में हीट-हम्यूमिडिटी अलर्ट

शनिवार को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में गर्मी और उमस को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रोहतक सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

किसानों के लिए भी एडवाइजरी

मौसम विभाग ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसान धान की रोपाई जारी रख सकते हैं, लेकिन बाजरा और ग्वार की बुवाई फिलहाल रोकने की सलाह दी गई है।

जिन इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, वहां कपास के खेतों में जलभराव न होने दें। वहीं, उमस बढ़ने से पशुओं और मुर्गियों में बीमारी का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में पशुशाला और पोल्ट्री शेड को हवादार रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।

बड़ा सवाल: क्या 20 जुलाई की बारिश हरियाणा को बिजली संकट और उमस से राहत दिलाएगी?

Exit mobile version