यदि आप भी हथियारों के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं, यदि आप भी हथियारों के शौकीन है, तो आगे के लिए हो जाइए सावधान; क्योंकि अब से हथियारों के साथ फोटो डालने वालो पर पुलिस की नजरें टिकी रहेंगी। आपके फेसबुक’ इंस्टाग्राम, ट्वीटर सभी पर पुलिस निगरानी रखेगी।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि कुछ लोग झूठे दिखावे और झूठी शान के लिए हथियारों के साथ अपनी फोटो दिन प्रतिदिन सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते है, जोकि पूर्ण रूप से गैरकानूनी कार्य है। आगे से पुलिस हथियारों का प्रदर्शन करने वालो की सूची तैयार कर उन पर कार्यवाही करेगी और उनके शस्त्र लाइसेंस को रद्द करवाने के लिए कार्यवाही करेंगी।
कुछ लोग ऐसे होते हैं जो झूठी शान के लिए लाइसेंसी और गैर लाइसेंसी हथियारों के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया पर डालते हैं, जिससे की कुछ लोग इनसे प्रभावित होकर इनके साथ जुड़ने लगते हैं, जोकि आगे चलकर धीरे-धीरे गैंग का रूप धारण कर लेते हैं। अब से हथियार के साथ फोटो डालने वाले को भारी जुर्माने के साथ 3 साल की जेल भी काटनी पड़ेगी, भले ही हथियार लाइसेंसी हो या गैर लाइसेंसी।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो शेयर करना गैर कानूनी कार्य हैं, ऐसा करने वालों पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा, और आरोपित व्यक्ति को 3 साल से लेकर 10 साल तक की जेल तक काटनी पड़ सकती है। वही उनके शस्त्र लाइसेंस को भी निरस्त किया जा सकता है।
