Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में भूपेंद्र हुड्डा-दीपेंद्र हुड्डा लापता के लगाए पोस्टर:देर रात पुल पर चिपकाए, लोगों की सुध नहीं लेने के लगाए आरोप, पानी भरने से घरों का बुरा हाल

रोहतक के सांपला ब्लॉक में देर रात को एक व्यक्ति ने पुल की दीवार पर गढ़ी सांपला किलोई से विधायक व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के लापता होने के पोस्टर लगा दिए। साथ ही आरोप लगाया कि सांपला हलके के लोगों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। जिन्हें विधायक व सांसद बनाया, वो हालचाल पूछने भी नहीं आ रहे।

भूपेंद्र हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा लापता के पोस्टर लगाने वाले समाजसेवी शिवकुमार रंगीला ने बताया कि 10 साल भूपेंद्र सिंह हुड्डा सीएम रहे और दीपेंद्र हुड्डा लगातार सांसद बन रहे है। लेकिन सांपला हलके के लोगों की सुध लेने का उनके पास समय तक नहीं है। बरसात के बाद पानी खेतों में खड़ा है। 3 वार्डों में पानी घरों के अंदर भरा हुआ है, जिसकी निकासी नहीं हो रही।

शिव कुमार रंगीला ने बताया कि एक महीने से पानी घरों में भरा है और उनकी आवाज सुनने वाला ना प्रशासन है और ना कोई जनप्रतिनिधि। भाजपा सरकार कहती है कि भूपेंद्र हुड्डा का हलका है, वो विधानसभा में आवाज क्यों नहीं उठाते। लेकिन भूपेंद्र हुड्डा तो चुनाव के बाद सांपला में नजर ही नहीं आ रहे।

भूपेंद्र हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा लापता होने के पोस्टर लगाने के पीछे यह उद्देश्य है कि शायद ये लोग सांपला के लोगों की सुध लेने के लिए आ जाए और जो परेशानी लोगों को हो रही है, उसका समाधान करवा सके। फिलहाल सांपला की जनता काफी परेशान है और उनकी बात कोई नहीं सुन रहा।

2014 तक कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता रहे। इसके बाद जब भाजपा सरकार बनी तो 2014 में भाजपा ज्वाइन की और 2019 तक भाजपा पार्टी में सक्रिय रहे। 2019 में बेरी से चुनाव लड़ा तो भाजपा पार्टी छोड़ दी और 2022 में आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। आम आदमी पार्टी से 2024 में चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। उसके बाद से पार्टी में भी सक्रिय नहीं है और समाजसेवी के तौर पर काम कर रहे है। शिव कुमार रंगीला गायक व कलाकार के तौर पर भी काम करते है।

Exit mobile version