Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना:बढ़ेगी ठिठुरन, 15 जिलों में कोहरे का अलर्ट; सर्द हवाओं से 24 घंटे में गिरा तापमान

हरियाणा में फिर कोहरा लौटेगा। मौसम विभाग ने 7-8 दिसंबर को कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 7 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी या बारिश हो सकती है।

इसके प्रभाव से 8 दिसंबर को हरियाणा के कुछ जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। रात के तापमान में 2-3 डिग्री की कमी आ सकती है। मौसम विभाग ने 7-8 दिसंबर को पंजाब और हरियाणा में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, दो दिन से दिन में चल रही पहाड़ी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। इसके कारण दिन के तापमान में करीब 1 डिग्री की कमी आई है। रोहतक में यह 23.9 डिग्री पर आ गया। वहीं, प्रदेश में रात के तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। अब रात का तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। सबसे कम यमुनानगर में 9.2 डिग्री और सबसे अधिक रोहतक में 14.5 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश में एक्यूआई 200 से नीचे आ गया है। हवा चलने से प्रदूषण के स्तर में काफी सुधार आया है। हरियाणा के बहादुरगढ़ का एक्यूआई सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया, यहां यह 178 रहा। हालांकि यह 200 से नीचे रहा।

वहीं गुरुग्राम का 164, अंबाला का 161, फरीदाबाद का 159, सिरसा का 145, हिसार का 137, यमुनानगर का 128, फतेहाबाद का 123, पंचकूला का 117 दर्ज किया गया। एक्यूआई के यह आंकड़े सुबह सात बजे के हैं।वहीं दो ऐसे भी शहर रहे, जिनकी हवा सबसे साफ दर्ज की गई। इनमे मंडीखेड़ा और घरौंडा के नाम शामिल हैं।

कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि अभी सूबे में मौसम खुश्क रहने की संभावना है। पहाड़ों में रात से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होने से बादल छाने के आसार लगातार बने हुए हैं, इससे रात और दिन के तापमान में कमी आने के आसार बन रहे हैं।

हालांकि मौसम खुलने से और पहाड़ों की हवाओं से आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

Exit mobile version