Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 3 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना:उत्तरी इलाकों में बदला मौसम; पानीपत-करनाल में तापमान गिरा, कल यहां बारिश के आसार

हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। कल से ही हरियाणा के जिलों में आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 3 जिलों सिरसा, हिसार और फतेहाबाद में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इसका असर इन तीनों जिलों में दिन के तापमान पर पड़ सकता है।

हरियाणा के बाकी जिलों में धूप खिली रहेगी, लेकिन ठंडी हवाएं चलेंगी। वहीं, कल से उत्तरी हरियाणा के जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। आईएमडी ने करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और बूंदाबांदी हो सकती है।

लेकिन 21 फरवरी से मौसम पूरी तरह से बदलने लगेगा और दिन और रात के तापमान में उछाल आएगा। फरवरी के अंत में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। हालांकि, बाकी पश्चिमी विक्षोभों की तरह यह भी कमजोर रहेगा।

प्रदेश में दिन का तापमान अभी 4 से 5 डिग्री ऊपर चल रहा है। फरवरी महीने में एकाएक बढ़ने से गर्मी का अनुभव होने लगा है। हरियाणा के सभी जिलों में दिन का तापमान 25 डिग्री से ऊपर चला गया है। लगातार फरीदाबाद हरियाणा में सबसे गर्म बना हुआ है।

फरीदाबाद का तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं अंबाला में तापमान 27 डिग्री, हिसार में 27.8, करनाल में 26.2, नारनौल में 27.2, रोहतक में 25.9, सिरसा में 27 डिग्री, जींद में 26.9 और पानीपत में 25.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा राज्य में 21 फरवरी तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण समय-समय पर हवाओं में बदलाव के कारण 18 फरवरी से 20 फरवरी तक राज्य के अधिकांश भागों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।

लेकिन 18 फरवरी को दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है तथा 20 फरवरी को उत्तरी व दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट होने की संभावना है। लेकिन 21 फरवरी के बाद राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा तथा रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है।

Exit mobile version