Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

एक करोड़ का चूरा पोस्त पकड़ा…प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर

हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में एक पिकअप गाड़ी से 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। तस्करों ने मादक पदार्थ को प्याज के कट्टों के नीचे छिपा रखा था।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली-अलवर रोड पर गांव नसीरबास के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। गाड़ी रुकते ही चालक और उसके साथ बैठा युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

राजस्थान के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के भालपुर निवासी गुरदीप सिंह और नौगांव थाना क्षेत्र के मंडापुर निवासी सतपाल के रूप में हुई। दोनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं।

प्याज के कट्टों के नीचे छिपा रखा था नशा

तलाशी के दौरान पिकअप में ऊपर की तरफ प्याज से भरे 45 कट्टे मिले। जब पुलिस ने नीचे जांच की तो 30 प्लास्टिक कट्टों में भारी मात्रा में चूरा पोस्त छिपाकर रखा गया था। सभी कट्टों का वजन करने पर कुल 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।

दिल्ली में सप्लाई की थी तैयारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह खेप अलवर से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने पिकअप गाड़ी और बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था।

Exit mobile version