हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। रात के बाद अब दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम है। वहीं हिसार में तापमान 14.2 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश में सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस की जा रही है। वहीं सुबह हल्की धुंध भी छाने लगी है। कृषि वैज्ञानिकों ने कहा कि यह मौसम गेहूं की बिजाई के लिए सबसे उपयुक्त है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि, नवंबर के पहले सप्ताह के बाद ठंड और तेजी से बढ़ेगी।
रात के समय तापमान और गिरेगा। वहीं दिन का तापमान 30 डिग्री के आसपास बना रहेगा। वहीं, तापमान में गिरावट के साथ प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक रूप से बढ़ रहा है। रोहतक में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 389 दर्ज किया गया, जो देश के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक रहा। इसके अलावा चरखीदादरी में AQI 375, फतेहाबाद में 334, जींद में 330, कैथल 324 और बल्लभगढ़ में एक्यूआई 319 दर्ज किया गया।
19 अक्टूबर को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांसिबल एक्शन प्लान (GRAP) के चरण II को लागू किया था। अगर AQI 201 से 300 के बीच है, तो हवा खराब मानी जाती है। इसमें ग्रैप का पहला स्टेज लागू होता है। 301 से 400 के बीच AQI होने पर हवा “बहुत खराब” होती है और ग्रैप का दूसरा स्टेज लागू किया जाता है।
जब AQI 401 से 450 के बीच होता है, तो हवा “गंभीर” श्रेणी में आती है और ग्रैप का तीसरा स्टेज लागू होता है। अगर, AQI 450 से ऊपर चला जाए तो हवा “बेहद गंभीर” मानी जाती है और ग्रैप का चौथा स्टेज लागू होता है। प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ ग्रैप के नियम भी सख्त होते जाते हैं। मगर ग्रैप टू लागू होने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
