Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में ठंड के साथ प्रदूषण भी बढ़ा:7 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, जींद में दिल्ली जितना पॉल्यूशन

हरियाणा में ठंड के साथ-साथ प्रदूषण भी बढ़ा है। वातावरण में नमी बढ़ने से पराली जलाने और वाहनों के धुएं से एकाएक प्रदूषण बढ़ गया है। हरियाणा के 9 शहरों में प्रदूषण रेड जोन में पहुंच गया है। जींद में प्रदूषण दिल्ली के बराबर पहुंच गया है। जींद और दिल्ली में एक्यूआई 418 दर्ज किया गया है।

प्रदूषण के साथ-साथ ठंड में भी बढ़ोतरी हुई है। हरियाणा के 7 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। नारनौल में सबसे कम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं एक दिन पहले यहां पारा 6.6 पहुंच गया था।

पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद उत्तरी-पश्चिमी हवा चलने से मैदानी इलाकों में ठंडक लगातार बढ़ रही है। रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है। खासकर रात का तापमान और नीचे जा सकता है।

वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने हरियाणा में शीत लहर चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के साथ लगते 7 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखीदादरी में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

नारनौल, हिसार, गुरुग्राम सहित 10 शहर ऐसे हैं जहां तापमान 10 डिग्री के करीब हैं। 7 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे हैं। इनमें नारनौल, हिसार, करनाल, गुरुग्राम, पंचकूला, सोनीपत, हिसार और महेंद्रगढ़ जैसे शहर शामिल हैं।

वहीं सिरसा, रोहतक और भिवानी में 10 डिग्री के करीब तापमान पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान पूरे प्रदेश में 25 से 27 डिग्री के बीच बना हुआ है। पलवल में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सबसे अधिक दर्ज किया गया है।

Exit mobile version