Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दिल्ली में प्रदूषण का कहर जारी; छठे दिन भी AQI ‘बहुत खराब’, प्रदूषण के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटी

राजधानी दिल्ली में हवा की गति व दिशा बदलने से वायु प्रदूषण गंभीर श्रेणी में बरकरार है। दिल्ली की हवा शुक्रवार सुबह लगातार छठे दिन बेहद खराब कैटेगरी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सुबह 8 बजे औसत AQI 331 था। सिर्फ दिल्ली के बवाना और मुंडका में AQI 400 पार दर्ज किया गया। हालांकि, 37 मॉनिटरिंग स्टेशंस में से 22 जगह AQI 400 के नीचे दर्ज हुआ।

दिल्ली में प्रदूषण के कारण विजिबिलिटी घटी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर 1100 मीटर रह गई।इससे फ्लाइट ऑपरेशंस दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, किसी भी फ्लाइट के लेट होने की अभी तक सूचना नहीं मिली है।

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर 28 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में सभी GRAP-4 उपाय 2 दिसंबर तक लागू रहेंगे। हालांकि स्कूलों के लिए बनाए गए नियमों में छूट दी जा सकती है।जस्टिस अभय ओक और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की बेंच ने कहा – कोर्ट कमिश्नर की रिपोर्ट से पता चलता है कि अधिकारी प्रतिबंधों का पालन करवाने में फेल रहे हैं। इसमें गंभीर चूक करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तेजी से होनी चाहिए।

दिल्ली में प्रदूषण की वजह पड़ोसी राज्यों में जलाए जा रहे पराली भी है। उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की 103, पंजाब में 34 और हरियाणा में 7 घटनाएं सामने आईं। हालांकि, सैटेलाइट डेटा के अनुसार 15 सितंबर से 28 नवंबर के बीच पंजाब में पराली जलाने की 10,855, हरियाणा में 1380 और उत्तर प्रदेश में 5554 घटनाएं दर्ज की गईं।

Exit mobile version