रोहतक जिले में नगर निगम चुनाव के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। आज 285 मतदान केंद्रों के लिए चुनाव सामग्री वितरित कर पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। कल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

चुनाव अधिकारी मेजर गायत्री अहलावत ने बताया कि जाट शिक्षण संस्था के सीआर कॉलेज ऑफ एजुकेशन में नगर निगम चुनाव के लिए स्ट्रांग रूम बनाया गया है, जहां से पोलिंग पार्टियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का प्रशिक्षण देने के बाद चुनाव सामग्री वितरित की जाएगी।

नगर निगम के 22 वार्डों में बनाए गए मतदान केंद्रों में से 49 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 19 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। 29 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है, जिनकी जरूरत पड़ने पर मदद ली जाएगी।

मेजर गायत्री अहलावत ने बताया कि पोलिंग पार्टियां चुनाव सामग्री लेकर अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी तथा मतदान केंद्रों पर बूथ स्थापित करेंगी। यह पार्टियां मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जांच भी करेंगी। निर्वाचन आयोग की हिदायतों अनुसार 2 मार्च को सुबह 7 बजे मतदान शुरू होगा तथा सांय 6 बजे मतदान संपन्न होगा।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान शुरू होने से 90 मिनट पूर्व मॉक पोल करवाया जाएगा। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत 12 मार्च को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी तथा मतगणना संपन्न होने के उपरांत चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन अधिकारी दलबीर फौगाट ने बताया कि नगर पालिका के सभी 16 वार्डों के लिए 16 मतदान केंद्र स्थापित किए गए है। नगर पालिका आम चुनाव के लिए कलानौर स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किया गया है, जहां से एक मार्च को मतदान पार्टियों को प्रशिक्षण देने के उपरांत चुनाव सामग्री वितरित कर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!