Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 19 सीटें कर सकती हैं सियासी खेल:एग्जिट पोल एजेंसी का दावा, यहां BJP-कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला; CM सैनी बोले-इन्हें हम जीतेंगे

हरियाणा में 19 सीटें सियासी खेल कर सकती हैं। एक एग्जिट पोल एजेंसी के मुताबिक इस सीटों पर BJP और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला है। प्रदेश के कार्यवाहक CM नायब सैनी भी मान चुके हैं कुछ सीटों पर कड़ा मुकाबला था। उनका कहना है कि ये सीटें हम जीत जाएंगे।

हरियाणा की 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। उससे पहले एग्जिट पोल्स जारी किए गए। पोल ऑफ पोल्स के मुताबिक, हरियाणा के 12 सर्वे में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। पार्टी को 56 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा बहुमत से काफी दूर 27 सीटों पर सिमट सकती है।

प्रदेश में इस बार 67.90% फीसदी वोटिंग हुई है, जो पिछले चुनाव से 0.02% कम है।

सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक, हरियाणा की 19 सीटों पर पेंच फंसा है। इन सीटों पर जीत का मार्जिन काफी कम दिख रहा है। ऐसे में ये सीटें किसी भी पार्टी के खाते में जा सकती हैं।

सी वोटर के मुताबिक अगर ये सीटें कांग्रेस के खाते में जाती हैं तो पार्टी 60 से ऊपर भी सीटें जीत सकती हैं। हालांकि अगर ये बीजेपी के खाते में गईं तब भी सत्ताधारी पार्टी उस स्थिति में नहीं होगी कि जीत की हैट्रिक लगा सके। क्योंकि इन 19 सीटों में 13 पर कांग्रेस दूसरे नंबर पर है।

कार्यवाहक सीएम नायब सैनी ने रविवार को पंचकूला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सभी एग्जिट पोल गलत बताए। उन्होंने कहा कि इस बार भी हरियाणा में बीजेपी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। हालांकि इस दौरान उन्होंने माना कि बीजेपी का कुछ सीटों पर कड़ा मुकाबला जरूर था लेकिन इन सबके बाद भी सरकार भाजपा की ही बनेगी।

पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। एग्जिट पोल बेशक वोटिंग के बाद आए हों, लेकिन जनता अपना मन पहले ही बना चुकी थी और हमें इस बात का आभास था।

Exit mobile version