हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में पेश बजट में पुलिस व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। इसके तहत अगले तीन वर्षों में सड़कों पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को Body-Worn Camera से लैस किया जाएगा। अगले साल 5,000 Body-Worn Camera खरीदे जाएंगे। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की सभी गतिविधियां इन कैमरों में रिकॉर्ड होंगी।
मुख्यमंत्री ने अपराधियों का बहादुरी से सामना करने वाले पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने का भी ऐलान किया है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही या गलत आचरण के दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
7 जगहों पर खुलेंगे महिला पुलिस थाने
महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए हरियाणा में 7 नए महिला पुलिस थाने खोले जाएंगे। ये थाने लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर और पिहोवा में स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा साइबर अपराध से निपटने के लिए सोनीपत, गोहाना और बहादुरगढ़ में तीन नए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन बनाए जाएंगे।
आतंकवाद से निपटने के लिए बनेगा ATS
आतंकी गतिविधियों से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए हरियाणा में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) का गठन किया जाएगा। इसका नेतृत्व IG रैंक के अधिकारी के हाथों में होगा। गुरुग्राम और पंचकूला में एक-एक ATS थाना स्थापित किया जाएगा। इसके लिए बजट में 35.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
ATS में महिला कमांडो को भी शामिल करने की व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को 20% आरक्षण
सरकार ने सेना से सेवा पूरी करके लौटने वाले अग्निवीरों के लिए पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा अगले साल हरियाणा पुलिस में 1,300 अग्निवीरों की विशेष भर्ती भी की जाएगी।
150 इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन खरीदे जाएंगे
पुलिस के आधुनिकीकरण के तहत नागरिकों को बेहतर आपातकालीन सेवाएं देने और पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम कम करने के लिए 150 नए Emergency Response Vehicles खरीदे जाएंगे।
नूंह के सांघेल गांव में 107 एकड़ जमीन पर इंडियन रिजर्व बटालियन के लिए आधुनिक भवन और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। हरियाणा पुलिस वेलफेयर फंड को 16 करोड़ रुपये की मैचिंग ग्रांट भी दी जाएगी।
ब्रिटिशकालीन पुलिस नियमों की जगह बनेंगे नए नियम
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1934 में ब्रिटिश शासन के दौरान बनाए गए पंजाब पुलिस रूल्स को खत्म कर उनकी जगह हरियाणा पुलिस रूल्स बनाए जाएंगे। इन नए नियमों के जरिए आधुनिक और नागरिक केंद्रित पुलिस व्यवस्था की नींव रखी जाएगी।
जेलों में भी लगेंगे Body-Worn Camera
जेलों को भी आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। ड्यूटी पर तैनात जेल वार्डनों के लिए भी Body-Worn Camera खरीदे जाएंगे, ताकि जेलों के अंदर होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके।
फतेहाबाद, चरखी दादरी और पंचकूला में जिला जेल बनाई जाएंगी, जबकि रोहतक में एक हाई सिक्योरिटी जेल स्थापित करने का प्रस्ताव है। सभी जेलों में आधुनिक तकनीकी उपकरण लगाए जाएंगे, ताकि अपराधियों को जेल के बाहर अपने सहयोगियों से संपर्क करने से रोका जा सके।
इसके अलावा भिवानी, नारनौल, जींद, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फतेहाबाद, चरखी दादरी और झज्जर की 8 जेलों में पेट्रोल पंप खोले जाएंगे।
हरियाणा सरकार ने पुलिस और जेल विभाग के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 8,475.01 करोड़ रुपये के संशोधित बजट का प्रस्ताव रखा है।
