Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में शराबी ड्राइवरों के खिलाफ पुलिस सख्त:नशे में गाड़ी चलाने वालों के काटे चालान, 15 दिन चलेगा अभियान

रोहतक जिले में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। एक से 15 सितंबर तक पुलिस शहर में शराब पीकर गाड़ी चलाने सहित प्रदूषण फैलाने वालों के चालान काट रही है। पुलिस ने चेतावनी दी कि शराब पीकर गाड़ी ना चलाए, नहीं तो गाड़ी को इंपाउंड भी किया जा सकता है।

ट्रैफिक पुलिस की तरफ से भिवानी रोड पर जनसेवा संस्थान के पास चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग अभियान के दौरान गाड़ी लेकर जा रहे ड्राइवरों की शराब नापने वाली मशीन से जांच की। साथ ही 100 एमएल से कम शराब पीने वालों के चालान किए गए। जबकि 100 एमएल से अधिक शराब मिलने पर गाड़ी को इंपाउंड करने के निर्देश दिए।

ट्रैफिक पुलिस के एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया है। 15 दिन तक अभियान के दौरान गाड़ी चलाने वालों की जांच की जाएगी। ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट 2019 के तहत चालान काटे जा रहे हैं।

एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि शराब पीकर गाड़ी ना चलाए। शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले खुद की जान को जोखिम में डालने के साथ-साथ दूसरे की जान को भी जोखिम में डालते है। शराब पीना समाज के लिए एक बुराई है। वहीं, शराब पीकर गाड़ी चलाने से हादसा होने का खतरा बढ़ जाता है।

Exit mobile version