Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा:13 गिरफ्तार, 10.30 लाख कैश जब्त, हरियाणा-राजस्थान के युवक शामिल

रोहतक के सांपला ब्लॉक में पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर जुआ खेलने के अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे 13 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10.30 लाख रुपये बरामद किए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सांपला स्थित श्रीराम अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में छापा मारकर 13 लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने मौके से 4 रजिस्टर और एक पैन भी बरामद किया। रजिस्टर में पैसों के लेन-देन और सट्टे की एंट्री पाई गई। पुलिस ने तीन पत्ती जुआ खेलने के आरोप में 13 लोगों को हिरासत में लिया।

जुआ खेलते हुए पुलिस ने जिन 13 लोगों को काबू किया है, उनमें हरियाणा व राजस्थान के लोग शामिल है। इनमें झज्जर के 3, चरखी दादरी के 2, हिसार के 4, महेंद्रगढ़ से एक व राजस्थान के तीन युवक शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में जुआरी नोटों की गड्डी रखकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने जब रेड मारी तो वहां 500-500 के नोटों के बंडल मिले, जिन्हें गिनने पर कुल 10 लाख 30 हजार रुपए मिले। पुलिस ने नोटों के बंडलों को जब्त कर लिया और पुलिस कार्रवाई शुरू की।

सांपला थाना से एसआई विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में सट्टा चल रहा है। पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर छापेमारी की और मौके से 13 लोगों को काबू किया। वहां से सट्टे पर लगाए 10 लाख 30 हजार रुपए बरामद किए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version