Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गोहाना के होटल में पुलिस की छापेमारी:दो महिलाओं को पकड़ा; बोलीं- लालच देकर होटल मालिक करा रहा था अनैतिक काम

सोनीपत के गोहाना में पुलिस ने होटलों में चल रहे अनैतिक धंधे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रोहतक रोड स्थित एक होटल में रेड के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं को संदिग्ध हालात में पकड़ा। महिलाओं ने होटल मालिक पर दबाव और लालच देकर अनैतिक कार्य कराने का आरोप लगाया है। छापेमारी की भनक लगते ही दो अन्य होटल संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए। पुलिस छानबीन में लगी है।

सिटी थाना प्रभारी सबल सिंह ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ होटलों में युवतियों और महिलाओं से अनैतिक कार्य करवाया जा रहा है। इस पर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर सिटी थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने रोहतक रोड स्थित होटलों पर छापेमारी की।

पुलिस कार्रवाई के दौरान एक होटल से मिली दो महिलाओं ने बताया कि होटल संचालक राकेश उन्हें दबाव और लालच देकर अनैतिक कार्य के लिए मजबूर करता था। महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी सबल सिंह ने कहा कि शहर में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनैतिक कार्यों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार हुए होटल संचालकों की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही अन्य होटलों पर भी इसी तरह की कार्रवाई करेगी।

Exit mobile version