Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद के स्पा सेंटर में पुलिस रेड! 6 युवतियां-5 युवक हिरासत में, मालिक और मैनेजर समेत 13 पर केस

जींद। जींद में सिविल लाइन थाना पुलिस ने सफीदों रोड ओवरब्रिज के पास स्थित एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर 6 युवतियों और 5 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर के अंदर युवक और युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। मामले में स्पा सेंटर मालिक मोनू और दीपक जोगी, मैनेजर रवि वर्मा समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने मारी रेड

जानकारी के अनुसार, पुलिस को स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद ईएसआई नरेश की अगुवाई में पुलिस टीम ने सफीदों रोड ओवरब्रिज के पास स्थित लग्जरी डे स्पा सेंटर पर छापेमारी की।

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो अंदर मौजूद युवक और युवतियों ने इधर-उधर छिपने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके से 6 युवतियों और 5 युवकों को हिरासत में लिया।

मालिक और मैनेजर समेत 13 लोगों पर केस

पुलिस ने मामले में स्पा सेंटर के मालिक मोनू और दीपक जोगी, मैनेजर रवि वर्मा तथा आशीष, सुमित, विनोद और अन्य लोगों समेत कुल 13 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्पा सेंटर में चल रही गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

बस स्टैंड के आसपास स्पा सेंटरों की बढ़ती संख्या

जींद में नए बस स्टैंड के आसपास पिछले कुछ समय से होटल और स्पा सेंटरों की संख्या बढ़ी है। कई मकानों और दुकानों को होटल व स्पा सेंटर के रूप में संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि कुछ जगहों पर स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां भी संचालित हो रही हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में स्पा सेंटरों की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version