Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कांवड़ यात्रा को लेकर हरियाणा में पुलिस की छुट्टी रद्द:हरिद्वार रूट पर शिविर लगेंगे; सीनियर ऑफिसर निगरानी करेंगे, 24 घंटे होगी गश्त

हरियाणा में कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। सरकार की ओर से सभी पुलिसकर्मियों की छुट्‌टी रद्द कर दी गई है। हाल ही में हुई एक हाईलेवल मीटिंग में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किया जाना चाहिए

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि हरियाणा पुलिस इस यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजनता को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, चिकित्सा, यातायात और सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियों के लिए सभी संबंधित विभागों को समय रहते पूरी तैयारी करने के लिए निर्देश दिए।

यह यात्रा 11 जुलाई 2025 से प्रारंभ होगी, जिसमें लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर पैदल अथवा वाहनों के माध्यम से अपने निवास स्थानों पर जलाभिषेक के लिए जाएंगे। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं की भी भागीदारी रहेगी।

प्रदेश में कावड़ यात्रा को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश के अनुसार आगामी कांवड़ यात्रा 2025 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात को नियंत्रित करने के लिए ठोस योजना तैयार की गई है। राज्यभर में पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखा गया है और सभी जिलों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

हरियाणा में कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार ने सूबे के सभी जिलों में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। 11 जुलाई से यात्रा समाप्ति तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। ताकि अधिकतम पुलिस बल उपलब्ध रह सके। सभी संवेदनशील स्थानों, नाकों और शिविर स्थलों पर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में 24 घंटे गश्त सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस बल को निर्देश दिए गए हैं वे किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक अशांति या अफवाह की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करें। सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है, विशेषकर वे स्थान जो धार्मिक रूप से संवेदनशील हैं। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और कांवड़ियों के भेष में कोई असामाजिक तत्व नही घुसे, इस बारे में पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने बारे सभी पुलिस ईकाईयों को निर्देशित किया गया है।

Exit mobile version