रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) के आवासीय परिसर के सभी घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचेगी। जिसके बाद एमडीयू कर्मचारियों को गैस सिलेंडर से मुक्ति मिल जाएगी। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एमडीयू ने घरों में पीएनजी आपूर्ति प्रदान करने के लिए भारत पेट्रोलियम कंपनी लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
उल्लेखनीय है कि इस दिशा में आवासीय परिसर में गैस पाइप लाइन की कनेक्टिविटी पहले ही की जा चुकी है। डीन एकेडमिक एफेयर्स प्रो. एएस मान की उपस्थिति में एमडीयू की तरफ से कुलसचिव प्रो. गुलशन लाल तनेजा तथा भारत पेट्रोलियम को. लि. के टेरिटरी मैनेजर उत्तम मिंज ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
डीन एकेडमिक एफेयर्स प्रो. एएस मान ने कहा कि कुलपति प्रो. राजबीर सिंह के नेतृत्व में एमडीयू एम्प्लाइज को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए विवि प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने इस एमओयू को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पीएनजी की घरों तक सप्लाई होने से एमडीयू एम्प्लाइज लाभान्वित होंगे।
कुलसचिव प्रो. गुलशन लाल तनेजा ने कहा कि एलपीजी की जगह पीएनजी अधिक सुरक्षित है। एम्पलाइज को अब गैस पाइपलाइन से डायरेक्ट कनेक्टिविटी होने के चलते गैस खत्म होने की चिंता भी नहीं करनी होगी।
भारत पेट्रोलियम को. लि. के टेरिटरी मैनेजर उत्तम मिंज ने कहा कि एमओयू होने के बाद अब जल्द ही एमडीयू परिसर में पीएनजी की सप्लाई की जाएगी। पीएनजी का फायदा यह होता है कि इसकी सप्लाई निर्बाध होती है और यह एलपीजी से सस्ती पड़ती है।
