हरियाणा दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद में आयोजित कार्यक्रम से कुरुक्षेत्र को ₹617 करोड़ की दो बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही वर्चुअल माध्यम से कुरुक्षेत्र में बनने वाले हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी किया।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ₹447 करोड़ की लागत से तैयार एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण किया। इस परियोजना के शुरू होने से शहर के पांच रेलवे फाटक हमेशा के लिए समाप्त हो जाएंगे, जिससे यातायात सुगम होगा। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और थानेसर रेलवे स्टेशन पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम से पहले सांसद नवीन जिंदल ने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और नए रेलवे स्टेशन का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्ग का भी जायजा लिया और अधिकारियों को सुझाव दिया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए स्टेशन की एंट्री मुख्य सड़क की बजाय साइड से विकसित की जाए, ताकि भविष्य में ट्रैफिक का दबाव कम रहे।

रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में लोकार्पण से पहले सांसद नवीन जिंदल और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। दोनों नेताओं ने इस परियोजना को कुरुक्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत में सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से हरियाणा के लिए 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। इन परियोजनाओं से प्रदेश का इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत होगा। नई सड़कें, राष्ट्रीय राजमार्ग, मेडिकल कॉलेज और रेलवे परियोजनाएं विकास को नई गति देंगी।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के लिए सबसे बड़ी सौगात एलिवेटेड रेलवे ट्रैक है, जिसका लोग कई वर्षों से इंतजार कर रहे थे। इसके शुरू होने से शहर के लोगों को रोज लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी।

करीब 447 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शुक्रवार को औपचारिक लोकार्पण किया गया। हालांकि पिछले सप्ताह इस ट्रैक पर ट्रेन का सफल संचालन भी हो चुका था। इस परियोजना के साथ प्रदेश का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म भी तैयार हुआ है, जिसकी लंबाई करीब 600 मीटर है।

एलिवेटेड ट्रैक शुरू होने के बाद शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटक हमेशा के लिए बंद हो गए हैं। इनमें झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, एलएनजेपी अस्पताल के सामने और थर्ड गेट रेलवे फाटक शामिल हैं। अब ट्रेनें ऊंचे ट्रैक से गुजरेंगी और सड़क यातायात बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र में बनने वाले हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का भी वर्चुअल शिलान्यास किया। करीब 170 करोड़ रुपए की लागत से यह म्यूजियम दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर उमरी रोड के पास लगभग पांच एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। यह दो मंजिला आधुनिक संग्रहालय होगा।

इसमें डिजिटल और इंटरएक्टिव तकनीक के जरिए सिख इतिहास को प्रस्तुत किया जाएगा। हाईवे से दिखाई देने वाला यह संग्रहालय प्रदेश की नई पहचान बनेगा। इसमें प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी से लेकर दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तक के जीवन, उनकी शिक्षाओं, संघर्षों और योगदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

संग्रहालय की इमारत का डिजाइन भी विशेष होगा। भवन के ऊपर स्टील से बना विशाल पगड़ीनुमा ढांचा तैयार किया जाएगा। परिसर में 15 मीटर ऊंचा धातु का घूमता हुआ खंडा साहिब स्थापित होगा, जो दूर से ही आकर्षण का केंद्र बनेगा। यहां इंटरएक्टिव गैलरी, ऑडियो-वीडियो शो, डिजिटल डिस्प्ले और आधुनिक प्रस्तुति के जरिए सिख इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा

म्यूजियममें सिख इतिहास पर शोध के लिए रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा लाइब्रेरी, प्रशासनिक भवन, ऑडिटोरियम, ओपन एयर थिएटर, म्यूजिकल फाउंटेन और 75 कारों की स्टिल्ट पार्किंग भी विकसित की जाएगी। पूरे प्रोजेक्ट को करीब तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!