Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

देर रात PM मोदी का ट्विटर अकाउंट हैक हुआ: हैकर्स ने बिटकॉइन लीगल करने का ट्वीट किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्विटर हैंडल कुछ देर के लिए हैक कर कर लिया गया और इस दौरान बिटकॉइन को कानूनी मान्यता दिए जाने को लेकर ट्वीट किया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने रविवार सुबह यह जानकारी दी। पीएम मोदी के ट्विटर अकाउंट को हैक किए जाने के तुरंत बाद ही रीस्टोर कर सुरक्षित कर लिया गया है और इस मामले को ट्विटर के समक्ष उठाया गया है।

PMO ने ट्वीट किया कि पीएम मोदी का ट्विटर हैंडल कुछ देर के लिए हैक किया गया। यह मामला ट्विटर के सामने उठाया गया है और अकाउंट को तुरंत ही रीस्टोर कर सुरक्षित कर लिया गया है। हैक किए जाने दौरान किए गए ट्वीट पर ध्यान न दें। पीएम मोदी का ट्विटर अकाउंट शनिवार देर रात 2 बजे के करीब हैक किया गया। इस दौरान उनके ट्विटर अकाउंट से जो ट्वीट किए गए, उसमें बिटकॉइन को कानूनी मान्यता दिए जाने की बात कही गई।

हैक किए जाने के बाद किया गया पहला ट्वीट कुछ मिनट बाद ही डिलीट कर दिया गया और एक बार फिर उसी ट्वीट को दोबारा किया गया। इसके बाद इस ट्वीट को भी हटा लिया गया। कुछ यूजरों ने पीएम मोदी के ट्विटर अकाउंट को हैक किए जाने के बाद किए गए ट्वीट के स्क्रीनशॉट शेयर किए हैं। ट्विटर अकाउंट को हैक कर जो ट्वीट किए गए उसमें लिखा था , ‘‘भारत ने आधिकारिक तौर पर बिटकॉइन को कानूनी मान्यता दे दी है और सरकार भी 500 BTC खरीदकर लोगों में बांट रही है।”

ट्विटर पर रात 2.14 बजे पीएम मोदी के अकाउंट से एक ट्वीट किया गया जिसमें लिखा था- ‘भारत ने आखिरकार बिटकॉइन को लीगल टेंडर के रूप में स्वीकार कर लिया है। सरकार ने आधिकारिक रूप से 500 बिटकॉइन खरीदे हैं और उन्हें देश के सभी नागरिकों को बांटा जा रहा है।’ इस ट्वीट के साथ एक स्कैम लिंक भी शेयर किया गया था। इससे पहले कि प्रधानमंत्री कार्यालय इस ट्वीट को डिलीट कर पाता, लोगों ने इसका स्क्रीनशॉट ले लिया, जो ट्विटर पर लगातार शेयर किया जा रहा है। ट्विटर पर #Hackers, #Bitcoin और #NarendraModi ट्रेंड कर रहे हैं।

ट्विटर के प्रवक्ता ने बताया कि हम 24X7 पीएम ऑफिस से बातचीत कर रहे हैं। हैकिंग की जानकारी मिलते ही कॉम्प्रोमाइज्ड अकाउंट को सिक्योर करने के लिए हमारी टीम ने सभी जरूरी कदम उठाए। हमारी जांच में पता चला कि इस समय किसी और अकाउंट के हैक होने का कोई संकेत नहीं है।

Exit mobile version