Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज PM मोदी की अंतिम रैली:पार्टी के 22 उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे, इससे पहले 3 जनसभाएं कर चुके

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पलवल में रैली है। यह उनकी अंतिम जनसभा होगी, जिसमें वह पूरी ताकत झोंकेंगे। उनकी जनसभा नेशनल हाईवे-19 पर गदपुरी टोल प्लाजा के पास होगी। यहां प्रदेश की 22 विधानसभाओं के भाजपा उम्मीदवार मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी अपनी अंतिम चुनावी जनसभा में 22 विधानसभाओं को साधने का प्रयास करेंगे। पलवल के भाजपा जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी की रैली में पलवल की 3, फरीदाबाद की 6, नूंह की 3, गुरुग्राम की 4, रेवाड़ी की 3 और महेंद्रगढ़ की 3 सीटों के उम्मीदवार उनके साथ स्टेज पर होंगे।

स्टेज पर प्रधानमंत्री मोदी के अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा और 6 जिलों के जिलाध्यक्ष व 6 जिला परिषद चेयरमैन स्टेज पर बैठेंगे।

जिलाधीश हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया है कि SP चंद्रमोहन स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। PM मोदी की रैली के चलते नेशनल हाईवे-19 पर 1 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक यातायात बंद रहेगा।

इसके लिए रूट डायवर्ट कर दिया गया है। फरीदाबाद से पलवल की ओर जाने वाले मुंबई-बडोदरा एक्सप्रेस-वे पर कैली गांव से होते हुए KMP एक्सप्रेस-वे से पलवल पहुंचेंगे। जबकि, पलवल से फरीदाबाद जाने वाले अटोहां कट से KMP एक्सप्रेस-वे से होते हुए मुंबई-बडोदरा एक्सप्रेस-वे का उपयोग कर कैली से नेशनल हाईवे-19 पर पहुंचेंगे।

हरियाणा चुनाव को लेकर मोदी की यह चौथी और अंतिम रैली है। इससे पहले वह 15 सितंबर को कुरुक्षेत्र और 25 सितंबर को सोनीपत के गोहाना में रैली कर चुके हैं।

Exit mobile version