Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

चंडीगढ़ में कल PM मोदी का दौरा, 2 KM क्षेत्र हाई सिक्योरिटी जोन; 3000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल चंडीगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां उनका करीब 45 मिनट रुकने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर चंडीगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए राजेंद्र पार्क से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है। सुरक्षा कारणों से नयागांव से चंडीगढ़ बैरियर की ओर आने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-2, 3, 10 और 11 चौक पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा, जिससे आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 3,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री के दौरे तक चंडीगढ़ पुलिस के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रोक दी गई हैं। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डीजीपी स्तर पर की जा रही है। प्रधानमंत्री के निर्धारित रूट पर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) सहित विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात रहेंगे। चंडीगढ़ पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां संयुक्त रूप से सुरक्षा प्रबंधों पर नजर रखेंगी।पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू कर दी जाएगी। सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल पर पानी की बोतल सहित किसी भी प्रकार का सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी लोगों को सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए तैयार किया गया पंडाल पूरी तरह वाटरप्रूफ और एयर कंडीशंड बनाया गया है, ताकि मौसम खराब होने या बारिश की स्थिति में भी कार्यक्रम प्रभावित न हो। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों का चयन पहले से किया गया है, जिनमें मार्केट कमेटियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हैं। सभी आमंत्रित लोगों को एंट्री पास जारी किए जाएंगे। इसके लिए चंडीगढ़ भाजपा नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो आमंत्रित लोगों तक निमंत्रण और पास पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

Exit mobile version