मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में स्थित देश के सबसे पुराने गुरुद्वारे खालसा दीवान पहुंचे। यहां उन्होंने मत्था टेका और प्रार्थना की। वर्ष 1901 में स्थापित इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे के नए सिरे से निर्माण की आधारशिला भी प्रधानमंत्री ने रखी।
इससे पहले PM मोदी ने आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने कई संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में पूरी दुनिया को शांति, स्थिरता और बेहतर भविष्य की सबसे ज्यादा जरूरत है।
भारत और आसियान की तरक्की एक-दूसरे से जुड़ी
आसियान-भारत समिट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। भारत की तरक्की से आसियान देशों को फायदा होगा और आसियान की समृद्धि भारत के विकास को गति देगी।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 और आसियान का 2045 विजन दोनों क्षेत्रों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
2014 से लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से ज्यादा पहल
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से भारत ने आसियान देशों के साथ लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए और कौशल विकास के लिए 10 हजार से ज्यादा छात्रवृत्तियां दी गई हैं।
आज क्वाड बैठक में शामिल होंगे मोदी और ट्रम्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम 4 बजे भारतीय समयानुसार मनीला में होने वाली क्वाड देशों के नेताओं की बैठक में शामिल होंगे।
इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहेंगे। बैठक में चारों देशों के नेताओं की मुलाकात होगी।
