Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हिसार एयरपोर्ट से अप्रैल में उड़ेंगे जहाज:एयरलाइंस कंपनी से समझौता हुआ; पहले फेज में दिल्ली-चंडीगढ़ समेत 7 शहरों के लिए उड़ानें

हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से अप्रैल महीने के पहले हफ्ते से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इसके लिए राज्य सरकार का एलायंस एयर कंपनी के साथ समझौता हो गया है। इसके लिए हरियाणा के डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला 2 दिन से हैदराबाद में ठहरे हुए हैं। एलायंस एयर से समझौते के बाद दुष्यंत और कंपनियों से भी मुलाकात कर रहे हैं।

दुष्यंत चौटाला ने बताया कि पहले फेज में हिसार से चंडीगढ़, दिल्ली, जयपुर, कुल्लू, अहमदाबाद, जम्मू, धर्मशाला के लिए रूट फाइनल किया गया है। उम्मीद है कि अप्रैल के पहले सप्ताह से इन रूट पर हवाई सेवाएं शुरू भी हो जाएंगी। प्रदेश में यह एयर कनेक्टिविटी स्टेट वायबल गैप फंडिंग (SVGF) के कॉन्सेप्ट पर होगी, ताकि यात्रियों को ज्यादा किराया न देना पड़े।

डिप्टी सीएम ने बताया कि फिलहाल फाइनल किए रूट पर 70 सीटर हवाई जहाज चलाने का विचार है। एक बार उड़ानें शुरू होने के 90 दिन बाद इन रूटों की समीक्षा की जाएगी। यात्रियों की डिमांड के अनुसार लखनऊ, वाराणसी, अंबाला समेत अन्य शहरों के लिए भी हिसार से हवाई जहाज चलाया जाएगा।

डिप्टी सीएम ने बताया कि हिसार से एयर कनेक्टिविटी होने के बाद वहां पर डिफेंस एवं अन्य उद्योग धंधे बढ़ जाएंगे, जो प्रदेश में राजस्व का बहुत बड़ा जरिया बन जाएगा।

बता दें कि 7200 एकड़ जमीन पर बन रहा हिसार एयरपोर्ट पर काफी काम हो चुका है। फिलहाल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC), ईंधन कक्ष, आइसोलेशन बे, बरसाती जल निकासी के लिए मानसून ड्रेन, एप्रन और बेसिक स्ट्रिप का निर्माण चल रहा है, जो मार्च 2024 की शुरुआत तक पूरा होने की उम्मीद है।

मौजूदा टर्मिनल में पैसेंजर की संख्या बढ़ाई जा रही है। 200 पैसेंजर का नया टर्मिनल होगा। ये भी मार्च तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा फरवरी तक ATC का निर्माण पूरा हो जाएगा।

Exit mobile version