Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें, कटड़ा हेलीपैड में लगी आग; प्रभावित हुई हेलीकॉप्टर सेवा

कटड़ा स्थित हेलीपैड टर्मिनल में रविवार देर रात करीब तीन बजे अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

आग टर्मिनल के अंदर टिकट बुकिंग काउंटर, कॉफी शॉप और डोनेशन काउंटर के आसपास लगी, जिससे वहां रखा सामान प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग पुलिस विभाग व श्राइन बोर्ड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इससे आग को टर्मिनल के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया और संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली।

राहत की बात यह रही कि घटना देर रात करीब तीन बजे हुई, जब टर्मिनल में यात्रियों की आवाजाही नहीं थी। घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

हेलीपैड टर्मिनल माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए हेलीकॉप्टर से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र है। यहां हेलीकॉप्टर सेवा से संबंधित टिकट बुकिंग, पंजीकरण और सुरक्षा जांच समेत अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं।

आग की घटना के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल टर्मिनल में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

संबंधित विभागों की ओर से आग लगने के कारणों के साथ-साथ संपत्ति और सामान को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

वही कटड़ा से चलने वाली हेलीकाप्टर सेवा देरी से बहाल हुई। हालांकि आमतौर पर हेलीकाप्टर सेवा सुबह 7 बजे शुरू होती हैं पर आगजनी की घटना को लेकर यह सेवा सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुई |

Exit mobile version