रोहतक में मंगलवार सुबह सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन 1175 मीटर लंबे पुल की एक पीयर कैप शटरिंग धंसने से हादसा हो गया। शटरिंग धंसने के कारण पीयर कैप अचानक नीचे गिर गई। हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन पुल निर्माण में प्रयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े हो गए है।
जानकारी अनुसार, सुखपुरा चौक पर पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी लंबाई 1175 मीटर है। जुलाई 2024 में एचएसआरडीसी (हरियाणा स्टेट रोड्स एंड ब्रिग्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) ने फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया था, जो 2025 के अंत तक निर्माण कार्य पूरा करना है। पुल के लिए 36 पिलर बनाए गए है, जिनके ऊपर रखने के लिए 90 प्रतिशत गार्डर भी तैयार है। लेकिन गार्डर से पहले पीयर कैप टूटने से कई सवाल लोगों के मन में उठने लगे है।
हादसे के बाद लोगों का कहना है कि पुल निर्माण करने के दौरान प्रयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को जांचना चाहिए। साथ ही सुरक्षा का भी ध्यान रखने की जरूरत है। घटिया सामग्री के उपयोग से पुल की सुरक्षा और स्थिरता खतरे में पड़ सकती है। इसलिए, पुल निर्माण में गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है।
निर्माण कार्य से जुडे़ लोगों ने बताया कि पिलर के ऊपर पीयर कैप के निर्माण के दौरान जो शटरिंग लगाई गई थी, वह धंसने के कारण अचानक खुल गई। शटरिंग खुलने के कारण पीयर कैप एक तरफ से झुक गई। लेकिन सुबह अचानक पीयर कैप नीचे आ गिरी, जिसके कारण बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन गनीमत रही कि उस समय वहां कोई नहीं था।
पीडब्ल्यूडी बी एंड आर के एक्सईएन उदयवीर ने बताया कि सुखपुरा चौक पुल की एक पीयर कैप शटरिंग धंसने के कारण बेकार हो गई। शटरिंग को नए सिरे से जोड़ा जाएगा और पीयर कैप भी दोबारा बनानी पड़ेगी। शटरिंग की वेल्डिंग खुलने के कारण ऐसा हुआ है। जिस कंपनी को ठेका मिला हुआ है, उसके अधिकारियों से बात की जा रही है। पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी।

