Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ट्रक की टक्कर से 10 फीट दूर जाकर गिरी पिकअप:करनाल में 2 बच्चों की मौत, कई घायल; पंजाब से यूपी लौट रहे थे

हरियाणा के करनाल में रविवार देर रात NH- 44 पर ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिकअप हवा में उछल कर करीब 10 फीट दूर जाकर पड़ी। हादसे में पिकअप में सवार 2 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

पिकअप सवार त्योहारों में शामिल होने के लिए पंजाब से उत्तर प्रदेश अपने जा रहे थे। डायल 112 और हाईवे पेट्रोलिंग की टीम ने घायलों को करनाल के नजदीकी अस्पताल भर्ती कराया। वहीं दोनों बच्चों के शवों को मॉर्च्युरी हाउस में भिजवा दिया है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

हादसा देर रात करनाल-कुरूक्षेत्र बॉर्डर पर स्थित कासु ढाबे के पास हुआ है। पंजाब के होशियारपुर से पिकअप में सवार होकर करीब 15 लोग अपने घर जा रहे थे। सभी लोग उत्तर प्रदेश के बदायूं के रहने वाले हैं।

हादसे में मौके पर ही संध्या (6) पुत्री राजेंद्र और रोहित पुत्र जोगिंदर (5) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को रात में ही पुलिस ने नीलोखेड़ी अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार, पिकअप में सभी लोग मजदूर थे। जो पंजाब के होशियारपुर में काम करते थे। त्योहारों से पहले अपने घर लौट रहे थे। सभी परिवारों में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे।

टक्कर के बाद सारा सामान सड़क पर ही बिखर गया। पिकअप पलटते ही चीख-पुकार मच गई। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

घटना में घायल एक युवक ने बताया कि जैसे ही गाड़ी करनाल-कुरूक्षेत्र बॉर्डर पर पहुंची, तो पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक काफी तेज रफ्तार से था।

उसकी स्पीड करीब 80 के आसपास होगी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार लोग सड़क पर जा गिरे। दो बच्चे पिकअप के नीचे दब गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन अज्ञात है। उसकी पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाली जा रहे है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version