रोहतक की संजय कॉलोनी में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपना गुस्सा सड़क पर खड़ी एक मासूम बच्ची पर उतार दिया। आरोपी ने पहले बच्ची को कई थप्पड़ मारे और फिर उसे उठाकर सड़क पर पटक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना देर रात की है। एक परिवार में घरेलू विवाद चल रहा था। इसी दौरान गुस्से में युवक घर से बाहर निकला और सड़क पर खड़ी बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक पहले बच्ची को थप्पड़ मारता है और फिर उसे दोनों हाथों से उठाकर जोर से सड़क पर पटक देता है। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद वहां मौजूद एक महिला तुरंत बच्ची को अपनी गोद में उठाकर पास के निजी अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि महिला समय रहते बच्ची को नहीं बचाती तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद आरोपी वहां से गाली-गलौज करता हुआ फरार हो गया।
उधर, ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस का कहना है कि अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ और बच्ची को निशाना क्यों बनाया गया। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

