सोनीपत जिले के खरखौदा के गांव सोहटी में पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात को तीन बाइक सवार युवकों द्वारा पिस्तौल के बल पर सेल्समैन से मोबाइल फोन व 50 हजार रुपए लूटने का मामला सामने आया है। लूट से पहले युवकों ने बाइक में 699 रुपए का पेट्रोल भी डलवाया और जब पैसे देने की बारी आई तो सेल्समैन पर पिस्तौल तान बदमाश मोबाइल फोन और रुपए लूटकर फरार हो गए। खरखौदा थाना पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ छीना झपटी, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पेट्रोल पंप पर सेल्समैन की नौकरी करने वाले गांव बरोणा निवासी नवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार शाम को उसके साथ पंप पर कर्मचारी आकाश, राहुल व प्रवीण मौजूद थे। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर 3 युवक आए और 699 रुपए का पेट्रोल डालने की बात कही। पेट्रोल डालने के बाद युवक टहलने लगे। जब उसने पैसे की बात कही तो उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और उसकी जेब से सारे पैसे निकाल लिए।
जब उसके आकाश, राहुल व प्रवीण वहां पहुंचे तो आरोपी युवकों ने उनकी जेब से भी पैसे और एक मोबाइल फोन निकाल लिया। जिसके बाद युवक उसे मैनेजर रूम में ले गए और वहां से अलमारी में रखे 50 हजार की नकदी को छीन कर फरार हो गए। जिसके बाद उसने घटना की सूचना पेट्रोल पंल मालिक और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक की धर पकड़ के लिए तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
खरखौदा थाना के जांच अधिकारी पवन ने बताया कि सेल्समैन की शिकायत पर 3 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
