Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 2 दिन पेट्रोल पंप बंद रहेंगे:​​​​​​​एसोसिएशन का ऐलान; डीलर बोले- नहीं बेचेंगे पेट्रोल-डीजल, हड़ताल बढ़ सकती है

हरियाणा में 30 और 31 मार्च को सभी प्राइवेट पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। कमीशन न बढ़ाने पर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन हरियाणा ने इसका ऐलान किया है। 30 मार्च को सुबह 5 बजे से लेकर एक अप्रैल को सुबह 5 बजे तक हड़ताल रहेगी। जबकि सरकारी पंप खुले रहेंगे।

हरियाणा में कुल 4 हजार पेट्रोल पंप हैं। जिनमें से 350 सरकारी हैं, बाकी सभी प्राइवेट हैं। यहां रिलायंस के करीब 700 पेट्रोप पंप है। इनके हड़ताल में शामिल होने पर संशय है। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष संजीव चौधरी ने बताया कि बीते 7 सालों से सरकारी तेल एजेंसियों द्वारा पंप डीलरों का कमीशन नहीं बढ़ाया गया। दोपहर 2 बजे एसोसिएशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस है। इसमें पंजाब की पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन PPDAP के प्रधान भी शामिल होंगे।

इसको लेकर सभी पेट्रोल पंप डीलरों में गहरा रोष है। कमीशन में बढ़ोतरी करने के लिए कई बार सरकारी एजेंसियों से बातचीत का दौर भी चलाया, लेकिन किसी भी प्रकार की सुनवाई नहीं हुई। अब पंप बंद करने का फैसला लिया है। हालांकि इस फैसले से आमजन को परेशानियों से जूझना पड़ेगा। दूसरी ओर ट्रांसपोर्ट से जुड़े कारोबार भी प्रभावित होंगे।

संजीव चौधरी ने कहा कि एक अर्से से सभी पेट्रोल पंप डीलर्स सरकारी एजेंसियों से तेल कमीशन में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। जब पेट्रोल करीब 65 रुपए था, तब से दो रुपए प्रति लीटर डीजल और तीन रुपए पेट्रोल पर कमीशन दिया जा रहा है। अब तेल करीब 100 रुपए के आसपास है, पर कमीशन नहीं बढ़ाया गया।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप डीलरों की हड़ताल को देखते केंद्रीय तेल एजेंसियों ने गुरुवार को दिल्ली में एक अहम बैठक भी बुलाई। जहां पर एजेंसियों के नुमांइदों से तेल कमीशन पर चर्चा की। बैठक में कोई उचित समाधान नहीं निकला है। इन दो दिनों के बाद ये हड़ताल अनिश्चित समय में तब्दील भी की जा सकती है।

पानीपत में 3 सरकारी पेट्रोल पंप हैं। ये स्काईलार्क, शुगर मिल और असंध रोड पर स्थित हैं। 2 दिन प्राइवेट पंप बंद होने पर लोग यहां तेल भरवा सकते हैं।

Exit mobile version