देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इससे हरियाणा में पेट्रोल की कीमत ऑल टाइम हाई पहुंच गई है। सिरसा में पेट्रोल रेट ₹100.81 लीटर हो गया है। इससे पहले 28 मार्च 2022 को बहादुरगढ़ में पेट्रोल रेट ₹100.08 पहुंचा था। बाद में सरकार ने वैट घटाकर राहत दी थी।
वहीं डीजल का भाव भी ₹90 पार हो गया है। अभी डीजल 90.94 से 91.50 प्रति लीटर के आसपास बिक रहा था। एक हफ्ते से भी कम समय में ईंधन के दामों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई 2026 को ही कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
तेज कीमतों में वृद्धि का असर भी दिखने लगा है। हिसार में ईंधन दाम बढ़ने से दूध और फलों के दाम बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा असर बाहर से आने वाले फल पर देखा जा रहा है। सब्जियां लोकल आने से रेट इतने नहीं बढ़े हैं, मगर अगले महीने जब लोकल सब्जियों का सीजन खत्म हो जाएगा, तब रेट और तेजी से बढ़ सकते हैं। सेब, अनार करीब 250 से 300 रुपए किलो तक बिक रहा है।
उधर, सीएम नायब सैनी सुबह साइकिल से सुखना लेक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पीएम की अपील के तहत सभी को कम ईंधन यूज करना चाहिए और जितना हो ईवी और साइकिल, बस आदि का उपयोग करना चाहिए।
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका में जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। क्रूड की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं।
हरियाणा में पेट्रोल पहली बार जुलाई 2021 में 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंचा था। सिरसा जिले के डबवाली में 10 जुलाई 2021 को पेट्रोल का रेट करीब ₹100.06 प्रति लीटर दर्ज किया गया था, जिसे प्रदेश में पहला “100 पार” मामला माना गया।
इसके बाद मार्च 2022 में कई अन्य शहरों में भी पेट्रोल 100 रुपए के ऊपर पहुंच गया। उदाहरण के तौर पर बहादुरगढ़ में 28 मार्च 2022 को पेट्रोल करीब ₹100.08 प्रति लीटर हो गया था। अब 19 मई 2026 को एक बार फिर सिरसा और पंचकुला समेत कई जिलों में दाम 100 रुपए के ऊपर पहुंच गया है।
हिसार में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से दूध और फलों के दाम बढ़ गए हैं। सेब, अनार करीब 250 से 300 रुपए किलो तक बिक रहा है। मौसमी 100 रुपए किलो तक मंडी में बिक रही है। इसके कारण जूस के रेट बढ़ गए हैं। इसी तरह केला जहां एक सप्ताह पहले 40 रुपए दर्जन बिक रहा था वह अब 70 रुपए दर्जन बिक रहा है। इसी तरह नारियल का रेट 70 से 90 रुपए प्रति नारियल के हिसाब से बिक रहा है।
वहीं खुले में डेयरी पर दूध के रेट बढ़ गए हैं। हिसार के विजय डेयरी संचालक विजय कुमार ने बताया कि गाय-भैंस का मिक्स दूध जो पहले 62 रुपए लीटर बिकता था वह अब 65 रुपए लीटर हो गया है। इसी तरह देसी घी 650 रुपए किलो बिकता था वह अब 700 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। वहीं वीटा और अमूल ने भी दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं।
