देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की अटकलों के बीच हरियाणा में भी असर दिखने लगा है। राज्य में रोजाना करीब 48 लाख लीटर पेट्रोल और 1.2 करोड़ लीटर डीजल की खपत हो रही है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और कच्चे तेल की कीमतों के चलते आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल ₹10 प्रति लीटर तक महंगे हो सकते हैं।
केंद्र सरकार ने आज पेट्रोल और डीजल के दाम में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी भी की है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल ₹97.77 और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर पहुंच गया।
पिछले कुछ दिनों से देश के कई शहरों में लोग टैंक फुल करवाने लगे हैं, जिससे पेट्रोल पंपों पर बिक्री बढ़ी है। डीलर्स के मुताबिक लोगों में आगे और महंगाई बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
हरियाणा में दो महीने पहले पेट्रो कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में 1.89 से लेकर 2.35 रुपए तक की बढ़ोतरी की थी। हरियाणा में करीब 3 हजार फ्यूल पंप हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन (HPC) ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में प्रति लीटर 1.89 रुपए की बढ़ोतरी की थी। वहीं भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन (BPCL) ने 2.09 रुपए प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए थे। इंडियन ऑयल कारपोरेशन (IOC) ने प्रति लीटर प्रीमियम पेट्रोल के दामों में 2.35 रुपए की बढ़ोतरी की।
