Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मुंबई में बारिश के दौरान स्कूल बस पर गिरा पीपल का पेड़, 11 साल के छात्र की मौत; चार बच्चे घायल

मुंबई में स्कूल से घर लौटते समय एक 11 साल के लड़के के लिए यह सफर जानलेवा साबित हुआ। चेंबूर क्षेत्र में सड़क किनारे लगा एक पुराना पीपल का पेड़ स्कूल बस पर गिर गया, जिससे एक छात्र की मौत हो गई जबकि चार छात्र घायल हो गए।

पड़ोसियों ने बताया कि घटना के कई घंटे बाद भी उनकी मां अपने बेटे का क्रिकेट बैट पकड़े बैठी रही। उन्हें यकीन था कि उनका बेटा वापस आएगा और क्रिकेट खेलेगा। विहान की मां उसे बहुत प्यार करती थी। वही उसकी पूरी दुनिया थी। वह हमेशा उसके बारे में चिंता करती रहती थी।

यह घटना दोपहर 2:58 बजे रोड नंबर 11 पर एक इमारत के पास उस समय हुई जब बस यूनिवर्सल हाई स्कूल के 13 छात्रों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और सभी छात्रों को बाहर निकाला। जिनमें वे दो छात्र भी शामिल थे जो बस में फंसे हुए थे।

बस ड्राइवर, कंडक्टर और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में शामिल हुए। घायल छात्रों जिनकी उम्र चार से 12 साल के बीच है, उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 11 साल के विहान श्रीवास्तव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल छात्रों की हालत स्थिर है।

मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। मेयर आफिस के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इलाके में सड़क किनारे लगे पेड़ों की छंटाई का काम किया गया था।

Exit mobile version