हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत Anti Corruption Bureau Haryana (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पर इंतकाल के काम के बदले ₹5 हजार की मांग करने का आरोप है।

इंतकाल के बदले मांगे थे ₹5 हजार

जानकारी के अनुसार कबीरपुर क्षेत्र में दो प्लॉट के इंतकाल का मामला लंबित था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित पटवारी अजय राणा ने काम आगे बढ़ाने के लिए “खर्च-पानी” के नाम पर ₹5 हजार की डिमांड की। बिना रिश्वत काम न करने की बात कही गई, जिससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया।

हैबिटेट क्लब में बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने ₹5 हजार की राशि ली, टीम ने हैबिटेट क्लब परिसर में छापा मारकर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय राणा निवासी गांव पुट्टी के रूप में हुई है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि मामले में और पूछताछ की जा सके।

डीएसपी ने दी जानकारी

डीएसपी विपिन कादियान ने बताया कि शिकायतकर्ता के प्लॉट का इंतकाल दर्ज होने के बावजूद मंजूरी नहीं दी जा रही थी। काम कराने के नाम पर ₹5000 की रिश्वत मांगी गई थी। टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगेहाथ पकड़ा है।

आम जनता से अपील

एसीबी अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई सरकारी कर्मचारी अवैध धनराशि की मांग करता है, तो नागरिक तुरंत एसीबी से शिकायत करें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!