Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी पार्टियां:आज-कल में जारी होगी बीजेपी की लिस्ट; कांग्रेस ने आवेदन मांगे, INLD भी मैदान में

हरियाणा में निकाय चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि भाजपा अन्य दलों से चुनाव को लेकर काफी आगे चल रही है। सभी 10 नगर निगमों के मेयर, नगर परिषदों और पालिका अध्यक्षों के संभावित उम्मीदवारों का पैनल बीजेपी ने केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दिया है। मंजूरी मिलते ही कभी भी इसकी लिस्ट जारी कर दी जाएगी।

वहीं कांग्रेस में मीटिंगों का दौर चल रहा है। प्रत्याशियों से आवेदन मांगे गए हैं। 17 फरवरी को मेनिफेस्टो को फाइनल करने के लिए पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट हरियाणा कांग्रेस भेजेगी। वहीं INLD भी निकाय चुनाव को लेकर गंभीर दिख रही है। दो दिन में इनेलो के नेता तय करेंगे कि निकाय चुनाव में पार्टी उम्मीदवार सिंबल पर लड़ेंगे या नहीं।

इसको लेकर सभी जिलों से रिपोर्ट भी अभय चौटाला ने मांग ली है। वहीं डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला की जजपा अभी निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर चुप बैठी है। पार्टी ने अभी तय नहीं किया है कि जजपा निकाय चुनाव लड़ेगी या नहीं।

हरियाणा के शहरी निकाय चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों को घोषणा अगले दो से तीन दिनों के भीतर कर दी जाएगी। सभी 10 नगर निगमों के मेयर तथा नगर परिषदों व पालिका अध्यक्षों के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के बाद हरियाणा भाजपा की कोर कमेटी ने इन संभावित नामों पर अपनी सहमति की मुहर लगा दी है।

केंद्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद बीजेपी इस लिस्ट को जारी कर देगी। प्रत्येक नगर निगम में भाजपा के पांच से 10 तक दावेदार हैं, जिनमें से तीन से चार दावेदारों के पैनलों को अंतिम रूप दिया गया।

कांग्रेस निकाय चुनाव को लेकर संभावित उम्मीदवारों से आवेदन मांग चुकी है। इसके साथ ही पार्टी चुनाव में किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाकर वोट मांगेगी, इसको लेकर पूर्व मंत्री गीता भुक्कल की अध्यक्षता में मेनिफेस्टो की मीटिंग हो चुकी है।

गीता भुक्कल ने बताया है कि 17 फरवरी तक निकाय चुनाव का मेनिफेस्टो तैयार कर मंजूरी के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही जल्द ही चुनाव के उम्मीदवारों की लिस्ट भी फाइनल कर दी जाएगी।

हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला ने इनेलो मुख्यालय में जिला और शहरी प्रधानों की एक बैठक ली, जिसमें निकाय चुनावों में पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में तय हुआ कि अगले 2 दिन के अंदर नगर पालिका, नगर निगम और नगर परिषद के चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से बातचीत करके पार्टी मुख्यालय को अवगत कराएंगे। जहां सिंबल पर चुनाव लड़ना जरूरी होगा, वहां पार्टी सिंबल पर लड़ेंगे और जहां कोई ऐसा उम्मीदवार जो हमारी विचारधारा का होगा और हमारे से समर्थन मांगेगा तो उसे हम समर्थित उम्मीदवार के रूप में खड़ा करेंगे।

हरियाणा में स्थानीय निकायों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से होंगे। कोई प्रत्याशी पसंद नहीं आने पर मतदाताओं को उपरोक्त में कोई नहीं (नोटा) का विकल्प भी मिलेगा। एक एम-2 ईवीएम पर अधिकतम 16 प्रत्याशियों के नाम होंगे। इससे अधिक प्रत्याशी होने पर दूसरी बैलेटिंग मशीन, 32 से ज्यादा प्रत्याशियों पर तीसरी और 48 से अधिक प्रत्याशी होने पर चौथी बैलेटिंग मशीन जोड़ी जाएगी। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

Exit mobile version