Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मां-बाप ने चुकाई बेटे की लव मैरिज की कीमत

रेवाड़ी जिले में एक युवक ने अपने ही पड़ोस की लड़की से लव मैरिज कर ली और इस शादी की कीमत लड़के के परिवार को चुकानी पड़ी। लड़के के परिवार पर सोमवार की सुबह लाठी-डंडों से हमला हुआ। हमले में लड़के के पिता बुरी तरह घायल हो गए। वहीं मां, चाचा-चाची व बहन को चोटें आई हैं। घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने हमले का आरोप लड़की के परिवार वालों पर लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर के मोहल्ला संघी का बास निवासी चिराग ने 8 अक्टूबर को अपने ही मोहल्ले की एक लड़की के साथ लव मैरिज की थी। चिराग के परिवार का कहना है कि इस शादी से लड़के के परिवार वाले खफा हैं। जान को खतरा होने के कारण चिराग व लड़की दोनों कोर्ट से सुरक्षा लेकर सेफ हाउस में रह रहे हैं। चिराग की बहन चित्रा ने बताया कि सोमवार सुबह वह अपने घर पर ही थे। तभी लड़की का भाई योगेश 8-10 लोगों के साथ उनके घर पहुंचा।

लड़कों ने उनके पिता अमर सिंह पर हमला कर दिया। वह और उसकी मां रेखा बचाव में आईं तो उन्हें भी पीटा। साथ ही चाचा संजय व चाची रजनी को भी चोट मारी गई। करीब 20 मिनट तक खूब हंगामा हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। इससे पहले 8 अक्टूबर को ही चिराग के दोस्त गौरव पर भी इसी तरह हमला किया गया था, जिसमें उसके हाथ-पैर तोड़ दिए गए थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

शहर थाना के अंर्तगत आने वाली गोकल गेट पुलिस चौकी इंचार्ज शीशराम का कहना है कि चिराग ने अपने पड़ोस की लड़की के साथ लव मैरिज की है। कोर्ट के आदेश के बाद दोनों सेफ हाउस में हैं। सोमवार सुबह दोनों पक्षों का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पक्ष की तरफ से शिकायत मिली है, जबकि दूसरे पक्ष की तरफ से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version