Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पलवल में 1.25 करोड़ की कीमत बनेगा परशुराम द्वार…राज्य मंत्री गौरव गौतम बोले- शहर की सांस्कृतिक पहचान और सौंदर्यीकरण को मिलेगी नई पहचान


पलवल शहर के सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। हरियाणा सरकार के खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में बस स्टैंड के निकट भगवान परशुराम द्वार का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 1.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

गौरव गौतम ने कहा कि इस द्वार के निर्माण से पलवल की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। शहर में आने वाले लोगों पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार पलवल के समग्र विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भगवान परशुराम द्वार शहर के प्रवेश द्वार की शोभा बढ़ाएगा और स्थानीय लोगों की आस्था व सामाजिक भावनाओं का सम्मान करेगा। यह परियोजना पलवल की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य से जुड़ी सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए, ताकि लोगों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके।

गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पलवल में सड़कें, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल, प्रमुख मार्गों का सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य पलवल को आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है।

Exit mobile version