हरियाणा के पानीपत की रहने वाली युवती ने पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल पर अपमानजनक टिप्पणी की है। युवती का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने कहा- ”यो रा थारा ताऊ देवीलाल, इसनै पूरे हरियाणा का नाश कर राख्या।”
सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद इसका विरोध शुरू हो गया। हिसार के रहने वाले इनेलो की स्टूडेंट विंग ISO के प्रदेश अध्यक्ष साहिलदीप कस्वां ने इसका विरोध जताया। उन्होंने युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। इसका पता चलते ही मंगलवार को युवती ने नया वीडियो जारी कर गलती पर माफी मांग ली।
हालांकि ताऊ देवीलाल समर्थकों ने पानीपत और फतेहाबाद में पुलिस को शिकायत देकर आरोपी युवती पर राजद्रोह का केस दर्ज करने की मांग की है।
सोमवार को मेंटल ज्योति 307 नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किए गए इस वीडियो में लड़की एक पार्क में चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के सामने खड़ी है।
वीडियो में लड़की कह रही है- “भाई, यो रा थारा ताऊ देवीलाल.. जो भी है। इसनै सारे हरियाणा का नाश कर राख्या है। सारे डिस्ट्रिक में बणवाके पार्क, जिसमें पड़े रवै हैं सारे दिन जोड़े, एक उस तरफ तो एक दूसरी तरफ। कहीं झाड़ियों में तो कहीं कोणे पर।”
युवती ने यह वीडियो किसी पार्क में शूट किया है, जिसमें ताऊ देवीलाल की प्रतिमा भी लगी हुई है। जहां पर वीडियो में पार्क में बैठे कपल दिखा रही है।
युवती के साथ में भी कोई है, जो उसका वीडियो बना रहा है। इस दौरान युवती लगातार ताऊ देवीलाल की प्रतिमा की तरफ इशारा करती है और टिप्पणी करती जाती है। धिक्कारने वाले अंदाज में कई बार अपने हाथ को माथे से भी लगाती है।
करीब एक मिनट के इस वीडियो में युवती पार्क में बैठे युवकों-युवतियों की ओर इशारा करके कहती है कि इन लोगों को कोई काम नहीं है। पढ़ाई लिखाई छोड़कर यहां पड़े रहते है।
यह वीडियो वायरल होने के बाद चौ. देवीलाल में आस्था रखने वाले कार्यकर्ताओं और संस्थाओं ने युवती के खिलाफ कई जिलों में पुलिस को शिकायत दी है। मामले में फतेहाबाद में गांव भूथनकलां निवासी संदीप ने और पानीपत के नारी तू नारायणी उत्थान समिति पानीपत से अध्यक्ष सविता आर्य ने पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल पर गलत टिप्पणी करने और उनका सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर द्वारा अपमान करने पर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
वीडियो वायरल होने के बाद युवती ने माफी मांगी वीडियो वायरल होने के बाद युवती ने पार्क में उसी जगह जाकर ताऊ देवीलाल की प्रतिमा के सामने खड़े होकर माफी मांगी। युवती ने कहा, “राम-राम मेरी सभी नै, कल मैंने यहां आकै एक वीडियो बनाई थी। इसमें ताऊ देवीलाल जी पै मैंने कुछ अपशब्द बोल दिए थे, उसके लिए मैं बहुत शर्मिंदा हूं। ताऊ देवीलाल के पैर छूकर माफी मांगू हूं। चौटाला परिवार तै माफी मांगू हूं, पूरी 36 बिरादरी से माफी मांगू हूं और जाट समाज से माफी मांगू हूं। पूरे हरियाणा से माफी मांगू हूं। मेरे तै बहुत बड़ी गलती हो गई है।
मनै इस बारे में कुछ पता नहीं था, नॉलेज नहीं थी। जैसे ही पता चला, मैंने वो वीडियो डिलीट भी कर दी थी। मेरी तरफ से आगे ऐसी कोई वीडियो नहीं आएगी। मनै बहुत महसूस हो रही है या बात। मैं एक बार फिर पांव छूकर माफी मांगू हूं। माफ कर दो, अपनी बेटी समझ कै, अपनी बहन समझ कै। आगे मेरी तरफ से ऐसी कोई वीडियो नहीं आवैगी। मेरे से यह काम अनजाने में हो गया। नहीं ऐसा था कि मैं इनके बारे में ऐसा बोलूं। मनै पता ही नहीं था कुछ, यह अनजाने में हो गया, इसकी माफी मांगू हूं।”
