पानीपत में मूनक नहर पुल के पास गोहाना नंबर की तेज रफ्तार कार ने करनाल निवासी बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया घायल युवक को पीछे आ रहा पड़ोसी तुरंत सिविल अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। मृतक 5 व 8 साल के दो बेटे और 10 वर्षीय बेटी का पिता था।

सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में विजय ने बताया कि वह तहसील बल्ला जिला करनाल का रहने वाला है। 17 अप्रैल को वह अपने पड़ोसी श्रवण कुमार (32) निवासी बल्ला के साथ पानीपत से गांव के लिए वापस चला था। दोनों अलग-अलग बाइक पर थे। दोपहर करीब साढ़े 3 बजे का समय होगा। जब वे दिल्ली पैरलल नहर रोड पर मूनक पुल के पास पहुंचे तो श्रवण के साथ हादसा हो गया।

श्रवण की बाइक को सिठाणा पुल की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सामने से टक्कर मार दी। हालांकि श्रवण बिल्कुल सड़क की साइड में चल रहा था, लेकिन आरोपी कार चालक लापरवाही से चला रहा था। टक्कर लगने के बाद श्रवण नीचे गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोपी कार चालक ने कुछ दूरी पर अपनी कार को रोका व उनकी तरफ भी आया, मगर श्रवण की हालत देखकर भाग गया।

प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करके पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है। कार का नंबर HR11N6434 सफेद स्विफ्ट डिजायर थी। घायल श्रवण को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी की तलाश जारी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!