हरियाणा के पंचकूला लघु सचिवालय में सोमवार को महिला आयोग की टीम सुनवाई के लिए पहुंची। आयोग की चेयरमैन रेनू भाटिया की अगुवाई में 36 मामलों की सुनवाई की जा रही थी। सुनवाई के दौरान जिला प्रशासन की ओर से CTM जागृत्ति व ACP अजित सिंह और ACP विक्रम नेहरा भी मौजूद थे।
सुनवाई की शुरुआत में तीन मामलों में पीड़िताएं ही नहीं पहुंचीं। इस पर चेयरमैन रेनू भाटिया ने कार्रवाई रोकते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में सुनवाई में दोनों पक्षों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को बाहर जाकर कॉल करके दोनों पक्षों को सुनवाई तक बुलाने की व्यवस्था करनी होगी।
पंचकूला की एक युवती के मामले की सुनवाई के दौरान महिला आयोग की चेयरमैन रेनू भाटिया ने कहा कि लड़की सुनवाई में मौजूद हैं, लेकिन लड़का पिछले 2 साल से कनाडा में है और परिवार जमानत पर है। ऐसे में उस पर दबाव कैसे पड़ेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि किसी भी तरीके से लड़के को भारत लाकर सुनवाई में उपस्थित कराएं।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने लुकआउट नोटिस जारी किया है, लेकिन रेनू भाटिया ने इसे पर्याप्त नहीं माना। उन्होंने निर्देश दिए कि आरोपी के घर बार-बार जाकर दबाव बनाया जाए ताकि वह भारत लौटे।
