Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंचकूला स्कूल मारपीट केस: KG की बच्ची से बर्बरता पर प्रिंसिपल भी सस्पेंड, पहले 2 टीचर हो चुकीं निलंबित

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला स्थित सरकारी स्कूल में 6 साल की KG की छात्रा के साथ हुई बेरहमी से मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार शाम को स्कूल की प्रिंसिपल नीलू को भी सस्पेंड कर दिया गया। इससे पहले जेबीटी टीचर पूजा रानी और सिमरनजीत कौर को निलंबित किया जा चुका है। मामले में प्रिंसिपल और क्लास टीचर के खिलाफ केस भी दर्ज है।

‘पापा बुला रहे हैं’ कहकर कमरे में ले गया छात्र

जांच में सामने आया कि 28 अक्टूबर को तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र ने बच्ची को पहले परेशान किया था। बच्ची ने उसे ‘पागल’ कह दिया और शिकायत करने की बात कही। इससे नाराज होकर छात्र ने कुछ देर बाद बच्ची से कहा कि उसके पिता उसे ऊपर कमरे में बुला रहे हैं। बच्ची उसकी बातों में आकर फर्स्ट फ्लोर पर पहुंच गई, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

96 सेकेंड तक की पिटाई, सिर पर मारीं 12 बार ईंट

घटना स्कूल के CCTV कैमरे में कैद हुई। आरोप है कि छात्र ने बच्ची के सिर पर ईंट से करीब 12 बार वार किए। बच्ची के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी नाक की हड्डी भी टूट गई। फिलहाल बच्ची का चंडीगढ़ PGI में इलाज चल रहा है। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

स्कूल स्टाफ पर भी गंभीर आरोप

घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन और स्टाफ के खिलाफ नाराजगी जताई। कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया कि घटना के समय महिला टीचर मेहंदी लगवाने में व्यस्त थीं और स्कूल स्टाफ बच्चों की सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा था। इन आरोपों की जांच होनी बाकी है।

आरोपी छात्र अंबाला ऑब्जर्वेशन होम भेजा

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी नाबालिग छात्र को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया, जिसके बाद उसे अंबाला ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया।

सरकार ने बनाई चार सदस्यीय जांच कमेटी

शिक्षा मंत्री के आदेश पर पंचकूला डीसी ने एडीसी विवेक की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देगी। सरकार की ओर से बच्ची के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात भी कही गई है।

इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version