Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हुड्‌डा खाप आज मकड़ौली बैरियर से धरने हटाने का फैसला लेगी, फ्री टोल की सीमा 5 से बढ़ाकर 15 किलोमीटर तक करने की है मांग

देशभर में चल रहा किसान आंदोलन स्थगित हो चुका है। हर तरफ धरने पर बैठे किसानों ने घर वापसी कर ली है। पंजाब-हरियाणा समेत अन्य राज्यों में नेशनल हाईवे पर बने टोल प्लाजा पर भी धरने खत्म होने लगे हैं। किसानों के धरने से हटते ही टोल शुरू करने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है।

इसी बीच हरियाणा के रोहतक जिले में स्थित मकड़ौली टोल पर धरने पर बैठे किसानों ने अभी टोल से धरना न उठाने की बात कही है। इसका फैसला आज मकड़ौली टोल पर हुड्‌डा खाप द्वारा पंचायत करके लिया जाएगा। रोहतक में सबसे पहले मकड़ौली टोल पर किसानों ने धरना दिया था। यही वह टोल है, जहां से हरियाणा भर में टोल फ्री किए जाने का किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने ऐलान किया था। करीब 1 साल से टोल फ्री है।

अब किसानों की सभी मांगें केंद्र सरकार ने मान ली हैं, जिसके बाद आंदोलन स्थगित किया गया है। मगर मकड़ौली टोल पर चल रहे धरने को खत्म करने की रणनीति आज तय होगी। मकड़ौली टोल धरने का नेतृत्व हुड्‌डा खाप द्वारा किया जा रहा है। खाप की ओर से इस धरने की कमान संभाल रहे किसान राजू मकड़ौली ने कहा कि मकड़ौली टोल फिलहाल आसपास के पांच किलोमीटर के दायरे में फ्री है।

जिसको 15 किलोमीटर तक किए जाने की उनकी मांग लंबित है। इसी मांग पर पंचायत में फैसला लिया जाएगा और आगामी रणनीति तय होगी। इसके अलावा टोल पर कई किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। कुछ प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। कुछ कलाकार अपनी प्रस्तुति भी देंगे।

Exit mobile version