नारनौंद में भाजपा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के घेराव के दौरान विवाद के बाद शनिवार को किसानों ने पंचायत बुलाई है। किसानों ने थाना परिसर में अपना धरना लगा रखा है और पंचायत भी यहीं होगी। राकेश टिकैत समेत संयुक्त किसान मोर्चा के कई नेता पंचायत में शामिल होंगे। वहीं प्रदर्शन के दौरान घायल किसान का शुक्रवार को ऑपरेशन हुआ।
किसानों की मांग है कि उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द की जाए और प्रदर्शन में घायल किसान कुलदीप का सरकारी खर्च पर इलाज करवाया जाए। साथ ही इस मामले में रामचंद्र जांगड़ा और उनके साथ आए लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।
प्रदर्शन में घायल हुए सातरोड वासी किसान कुलदीप का रात 12 बजे अस्पताल में ऑपरेशन हुआ। हालांकि अभी तक कुलदीप को होश नहीं आया है और अगले 72 घंटे उनके लिए अहम बताए जा रहे हैं। युवा किसान कुलदीप खरड़ ने बताया कि सांसद रामचंद्र जांगड़ा के साथ आए एक व्यक्ति ने कुलदीप के सिर में मुक्का मारा, इससे उसके सिर की नस फट गई। जब तक प्रशासन इस मामले में कार्रवाई नहीं करता तब तक धरना थाना परिसर में जारी रहेगा।

शुक्रवार को BJP के राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा नारनौंद में विश्वकर्मा धर्मशाला का शिलान्यास करने पहुंचे थे। यहां किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान उनकी गाड़ी का अगला शीशा टूट गया था। साथ ही एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मामले में कई किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही हिरासत में लिए दो किसानों को रात को ही छोड़ दिया था।
