Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में पाकिस्तानी हमला: सिरसा में 2 जगह गिरे मिसाइल, स्कूल-फ्लाइट बंद, नापाक कोशिश नाकाम

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार-शनिवार रात हरियाणा के सिरसा में मिसाइल हमला हुआ। इससे जुड़े कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिसमें तेज रोशनी के बाद धमाके की आवाज सुनी जा सकती है।

सिरसा एयरफोर्स स्टेशन भी धमाके वाली जगह के नजदीक ही है। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और एयरफोर्स की टीम मौके पर पहुंच गई। वे मिसाइल के अवशेष अपने साथ ले गए। वहीं, सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी में 10 और 11 मई को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।

शुक्रवार शाम 7 बजे से अंबाला, पंचकूला और पानीपत में ब्लैकआउट कर दिया गया। अंबाला स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर पहली बार एयरस्ट्राइक का अलर्ट जारी किया गया।

हरियाणा में हवाई हमले जैसी स्थिति से बचने के लिए शिक्षा बोर्ड ने अगले आदेश तक अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। पंजाब सीमा से सटे सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र और अंबाला में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डॉक्टरों, फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। उनके मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी गई है।

आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में 25% बेड रिजर्व किए गए हैं। आपात स्थिति की जानकारी देने के लिए 48 घंटे के भीतर प्रदेश के सभी 7500 गांवों में सायरन लगाए जा रहे हैं।

Exit mobile version