हरियाणा के 7 शहरों में शनिवार सुबह 9 बजे तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत में गरज/बिजली/अचानक तेज हवाएं (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे) के साथ मध्यम बारिश की संभावना है।

जबकि दोपहर तक कुछ अन्य जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। बता दें कि शुक्रवार को भी प्रदेश के कई शहरों में बूंदाबांदी हुई थी और कुछ जगहों पर बादल छाए रहे थे। मौसम में नमी के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि तापमान में गिरावट के चलते लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिली है।

अधिकतम तापमान जो 40 डिग्री से ऊपर था, उसमें 5 डिग्री की गिरावट आई है। एक दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हरियाणा-एनसीआर में मानसून की सक्रियता देखने को मिली और पूरे इलाके में मौसम में बदलाव देखने को मिला।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हरियाणा-एनसीआर में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ था। मानसून ब्रेक के कारण पूरे क्षेत्र में उमस भरी गर्मी से आम लोगों को राहत नहीं मिल रही थी। पिछले एक सप्ताह से राजस्थान के ऊपर मानसून ट्रफ लाइन बनी हुई थी।

एक दिन पहले मानसून ट्रफ लाइन हरियाणा के उत्तरी भागों में पहुंच गई थी। मौजूदा परिदृश्य में उत्तरी पहाड़ी इलाकों पर एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके कारण हरियाणा-एनसीआर में मौसम में बदलाव देखने को मिला है।

इस मौसम प्रणाली का असर हरियाणा-एनसीआर पर 14 जुलाई तक देखने को मिलेगा। उसके बाद एक बार फिर मौसम गतिशील रहेगा। मानसून ट्रफ लाइन समुद्र तल पर मानसून ट्रफ अब अमृतसर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, जलपाईगुड़ी, लामडिंग और वहां से पूर्व की ओर नागालैंड तक विस्तारित है। इस मौसम प्रणाली का जबरदस्त असर हरियाणा के उत्तरी हिस्सों पर देखने को मिलेगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!