Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 6 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट:45 दिनों में 32% कम हुई वर्षा

हरियाणा में मानसून आने के बाद भी कम बारिश देखने को मिल रही है। जून-जुलाई के 45 दिनों में अब तक 32 फीसदी कम बारिश आंकी गई है। हरियाणा के 17 जिलों में कम और 5 जिलों में सामान्य बारिश देखने को मिली। करनाल में सामान्य से मात्र 84 फीसदी कम बारिश हुई है, जबकि नूंह में 61 फीसदी अधिक बारिश हुई है। वहीं, आने वाले दिनों में मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 जुलाई की रात से 19 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हवाओं और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार आज असंध, करनाल, कैथल, घरौंडा, जींद और पानीपत में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 19 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। 17 जुलाई तक राज्य में मानसूनी हवाओं की सक्रियता में मामूली कमी आने के आसार हैं, जिससे राज्य में वर्षा की गतिविधि में कमी आ सकती है।

इस दौरान राज्य के उत्तरी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश लेकिन पश्चिमी व दक्षिणी हरियाणा के जिलों में कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है। हवा का रुख पूर्व से उत्तर-पश्चिमी होने के कारण दिन के तापमान में मामूली वृद्धि और वातावरण में नमी की मात्रा में कमी आने की संभावना है।

17 जुलाई की रात से राज्य में एक बार फिर मानसूनी सक्रियता बढ़ सकती है। इसके चलते 17 जुलाई की रात से 19 जुलाई तक राज्य के अधिकांश भागों में हवाओं व गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

Exit mobile version