हरियाणा के कई जिलों में रात को फिर से आंधी और हल्की बारिश का दौर चला। इस बीच आज एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में दस्तक देगा। इसके चलते प्रदेश में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां 1 जून तक जारी रहेंगी। इसके चलते नौतपा का ज्यादा प्रभाव देखने को नहीं मिलने वाला। नौ तपा के 9 दिन 3 जून को पूरे हो जाएंगे।
हालांकि रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई, लेकिन फिर भी यह सामान्य से 4.4 डिग्री नीचे बना रहा। नारनौल में तो तापमान 6 डिग्री बढ़ कर 38 डिग्री पर जा पहुंचा। यह इलाका प्रदेश में रविवार को सबसे गर्म रहा। हालांकि सभी सेंटरों में ही तापमान बढ़ा है। सोनीपत समेत 6 जिलों में तो पारा 4 डिग्री तक बढ़ गया।
तापमान बढ़ने और पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक का असर रात को ही देखने को मिला। आधी रात से ही कई जिलों में तेज आंधी शुरू हो गई थी। रात को सिरसा व फतेहाबाद के कुछ क्षेत्रों में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली। बिजली गुल हो गई और कई स्थानों पर पेड़ भी टूटे। हिसार व भिवानी के कुछ क्षेत्रों में भी आधी रात को आंधी चली। गरज चमक के साथ यहां बूंदाबांदी भी यहां दर्ज की गई।
सिरसा के बाद भिवानी व चरखी दादरी के लोगों ने भी रात को तेज अंधड़ झेला। इन इलाकों में खराब मौसम की गतिविधि सुबह 3 बजे तक देखने को मिली। इन इलाकों में बादलों की गर्जना भी डराने वाली रही। रात को झज्जर, जींद के कुछ इलाकों, गुरुग्राम, रेवाड़ी, नारनौल में भी आंधी चली।
सोमवार सवेरे अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर को छोड़ कर शेष पूरे हरियाणा में कहीं तेज तो कहीं हल्के स्तर की आंधी चली। फतेहाबाद के रतिया के साथ उठा तूफान जींद, कलायत, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर व बहादुरगढ़ तक 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ा। कई स्थानों पर हलकी बारिश भी हुई।
सोमवार को भी प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर चलता रहेगा। IMD चंडीगढ़ ने 12 जिलों के लिए जहां ओरेंज अलर्ट जारी किया है, वहीं शेष पूरे हरियाणा में येलो अलर्ट रहेगा। आज ओरेंज अलर्ट वाले जिलों यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल,रोहतक, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, गुरुग्राम, झज्जर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 की रफ्तार से आंधी आएगी।
हरियाणा में आज एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसके प्रभाव से अगले 3 दिन तक मौसम खराब ही रहने वाला है। 29 व 30 मई को इसका व्यापक असर प्रदेश में देखने को मिलेगा। इस दौरान गरज चमकर, बूंदाबांदी व आंधी का दौर जारी रहेगा। हालांकि अभी तक की जो जानकारी मौसम विशेषज्ञों ने दी है, उसमें 31 मई को आधे से ज्यादा हरियाणा में आंधी व बूंदाबांदी शायद ही देखने को मिले। हालांकि इसके बाद 1 जून को फिर से पूरा हरियाणा में येलो अलर्ट रहेगा।

