हरियाणा सरकार की मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (OTP) के विरोध में नर्सिंग स्टाफ आज से 3 दिन की हड़ताल पर है। नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन ने 5 से 7 अक्टूबर तक रोजाना 2 घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक का ऐलान किया है।
एसोसिएशन का कहना है कि ऑनलाइन ट्रांसफर व्यवस्था में विलिंग और म्यूचुअल ट्रांसफर का विकल्प खत्म होने से नर्सिंग ऑफिसरों के लंबी दूरी पर तबादले हो सकते हैं। हड़ताल के दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता कुमारी ने बताया कि यह पॉलिसी नर्सिंग कैडर की विशेष परिस्थितियों (जैसे 24 घंटे की शिफ्टिंग ड्यूटी और महिला सुरक्षा) को ध्यान में रखकर नहीं बनाई गई है। यदि यह पॉलिसी नर्सिंग कैडर पर लागू की जाती है, तो उन्हें भी अन्य महिला कर्मचारियों की तरह सुबह 9 से शाम 5 बजे की सिंगल शिफ्ट ड्यूटी दी जाए।
